UP Farmer Registry: किसान रजिस्ट्री में यूपी ने बनाई टॉप-10 में जगह

The CSR Journal Magazine
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में चल रहा किसान रजिस्ट्री अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ताजा समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश किसान रजिस्ट्री की प्रगति में देश के टॉप-10 राज्यों में पहुंच गया है। प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 85.19 प्रतिशत पूरा कर लिया है और अब राष्ट्रीय रैंकिंग में नौवें स्थान के काफी करीब पहुंच चुका है।

2.45 करोड़ से अधिक किसानों का हुआ पंजीकरण

भारत सरकार ने उत्तर प्रदेश के लिए 2,88,70,495 किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य तय किया है। इसके मुकाबले अब तक 2,45,94,831 किसानों का सफल पंजीकरण किया जा चुका है। यानी कुल लक्ष्य का 85.19 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब करीब 42.75 लाख किसानों का पंजीकरण बाकी है, जिसे जल्द पूरा करने के लिए अभियान की रफ्तार बढ़ाई जा रही है।

तय समय में लक्ष्य पूरा करने पर फोकस

सरकार ने सभी जिलों को जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पंजीकरण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार—
  • 29 अगस्त 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिदिन लगभग 1.42 लाख किसानों का पंजीकरण करना होगा।
  • 29 सितंबर 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिदिन करीब 71 हजार किसानों का पंजीकरण जरूरी होगा।
  • 29 अक्टूबर 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिदिन लगभग 47 हजार किसानों का पंजीकरण करना होगा।

गाजियाबाद और रामपुर ने हासिल किया 100 प्रतिशत लक्ष्य

किसान रजिस्ट्री अभियान में गाजियाबाद और रामपुर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य पूरा कर लिया है। वहीं, भूमि के अंश निर्धारण के कार्य में झांसी और हरदोई प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हैं।

राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण को मिली रफ्तार

राज्य में अंश निर्धारण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसकी प्रगति 88.92 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। इससे भूमि अभिलेखों का डिजिटलीकरण, किसानों की सही पहचान और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

किसानों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ

योगी सरकार किसान रजिस्ट्री अभियान को डिजिटल कृषि सुधारों की महत्वपूर्ण कड़ी मान रही है। इस अभियान के तहत किसानों का एकीकृत डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि ऋण, सब्सिडी और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक अधिक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंच सकेगा।

एक नजर में

  • उत्तर प्रदेश किसान रजिस्ट्री में देश के टॉप-10 राज्यों में शामिल।
  • 2.45 करोड़ से अधिक किसानों का सफल पंजीकरण।
  • लक्ष्य का 85.19 प्रतिशत कार्य पूरा।
  • गाजियाबाद और रामपुर ने 100 प्रतिशत पंजीकरण किया।
  • अंश निर्धारण की प्रगति 88.92 प्रतिशत तक पहुंची।
  • सभी जिलों में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए अभियान तेज।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos