Maharashtra SIR Last Dates: भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में चल रहे विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR in Maharashtra) कार्यक्रम के संशोधित कार्यक्रम की घोषणा की है। नए कार्यक्रम के अनुसार, अब अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। पहले घोषित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए आयोग ने सभी चरणों की नई समय-सीमा जारी की है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 17 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों का पुनर्गठन और तार्किक पुनर्संरचना का काम भी पूरा किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुचारु हो सके।
Maharashtra SIR Last Dates: 24 अगस्त को जारी होगा प्रारूप मतदाता सूची
संशोधित कार्यक्रम के तहत 24 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 24 अगस्त से 23 सितंबर 2026 तक नए नाम जोड़ने, नाम हटाने या जानकारी में सुधार के लिए दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की सुनवाई और उनका निपटारा 24 अगस्त से 22 अक्टूबर 2026 के बीच किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद संशोधित और अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
मतदाताओं से समय पर जानकारी जांचने की अपील
निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम और विवरण की जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या नया नाम जोड़ना हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सही जानकारी शामिल की जा सके।

