Mumbai BMC Manhole Rail Guard: मुंबई में मैनहोल हादसों पर लगेगी रोक? BMC ने लॉन्च किया ‘मैनहोल रेल गार्ड

The CSR Journal Magazine
बारिश के दौरान खुले मैनहोल से होने वाले हादसों को रोकने और सीवर लाइन में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नई पहल की है। BMC ने ‘मैनहोल रेलगार्ड (Manhole Rail Guard)’ का प्रोटोटाइप तैयार कराया है, जिसका सोमवार को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अतिरिक्त नगर आयुक्त (प्रोजेक्ट्स) अभिजीत बांगर ने महानगरपालिका मुख्यालय में निरीक्षण किया। इस दौरान कई नगरसेवक और अधिकारी भी मौजूद रहे।

मेयर ऋतु तावड़े ने किया Mumbai BMC Manhole Rail Guard का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान मेयर ऋतु तावड़े और अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने रेलगार्ड को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इसे अलग-अलग आकार के मैनहोल के अनुसार फोल्ड होने योग्य (Collapsible) बनाया जाए ताकि हर स्थान पर आसानी से इस्तेमाल किया जा सके। इसके अलावा रात के समय इसकी दृश्यता बढ़ाने के लिए रिफ्लेक्टर और फ्लैशिंग एलईडी लाइट लगाने का सुझाव भी दिया गया।

कर्मचारियों और नागरिकों की सुरक्षा होगी बेहतर

BMC के अनुसार, चौकोर आकार का यह मैनहोल रेलगार्ड मैनहोल के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार करेगा, जिससे मरम्मत और सफाई के दौरान आम नागरिकों के खुले मैनहोल में गिरने का खतरा कम होगा। साथ ही सीवर लाइन में काम करने वाले कर्मचारियों को भी सुरक्षित कार्य क्षेत्र उपलब्ध होगा। रेल गार्ड की ऊंचाई 1 मीटर, लंबाई 1.5 मीटर और चौड़ाई 1.5 मीटर रखी गई है। इसे जरूरत के अनुसार 225 किलोग्राम और 80 किलोग्राम वजन वाले दो मॉडलों में तैयार किया गया है।

L वार्ड में शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट

BMC इस नई तकनीक का पायलट प्रोजेक्ट सबसे पहले मुंबई के L वार्ड में शुरू करेगी। यहां वास्तविक परिस्थितियों में इसके उपयोग, तकनीकी प्रदर्शन और कर्मचारियों के अनुभव का मूल्यांकन किया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के दौरान नागरिकों और कर्मचारियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर रेलगार्ड के डिजाइन और तकनीकी विशेषताओं में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

सफल रहा ट्रायल तो पूरे मुंबई में होगी व्यवस्था

महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि L वार्ड में परीक्षण सफल रहने और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद इस मैनहोल रेलगार्ड को मुंबई के सभी प्रशासनिक वार्डों में लागू करने पर निर्णय लिया जाएगा। BMC का मानना है कि यह पहल मानसून के दौरान खुले मैनहोल से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने और सीवर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos