मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को विद्यालयों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विस्तृत कार्य योजना जारी करते हुए प्रदेश भर के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य विद्यालयों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी के सबसे बड़े केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचे।
विद्यालयों में मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 14 अगस्त को प्रदेश के सभी विद्यालयों में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को भारत विभाजन की ऐतिहासिक परिस्थितियों, उसके मानवीय प्रभाव और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा। विद्यालयों में विशेष व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे, ताकि नई पीढ़ी इतिहास से सीख लेकर सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक बन सके।
15 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यालय इस अभियान के प्रचार-प्रसार का प्रमुख माध्यम बनेंगे और स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित करेंगे, जिससे राष्ट्रगौरव और तिरंगे के सम्मान का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
प्रतियोगिताओं, प्रभात फेरियों और तिरंगा यात्राओं का होगा आयोजन
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता, संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी, ताकि उनमें देश के प्रति जिम्मेदारी और गर्व की भावना मजबूत हो सके।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दिखेगी अभियान की झलक
शिक्षा विभाग ने विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों के फोटो और वीडियो डिजिटल एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएं। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों को ‘हर घर तिरंगा’ के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विद्यालय बनेंगे राष्ट्रभक्ति के सबसे बड़े केंद्र
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विद्यालय इस अभियान के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी तिरंगे के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े तथा विद्यालयों से उठने वाला राष्ट्रगौरव का संदेश हर घर तक पहुंचे।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections.
Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast,
crisp, clean updates!
Google Play Store –

