Birth and Death Certificate in Mumbai: मुंबई में जन्म-मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र बनवाना हुआ आसान, अब 3 दिन में मिलेगा नया सर्टिफिकेट

The CSR Journal Magazine
Birth and Death Certificate in Mumbai: मुंबईकरों के लिए जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र से जुड़ी सेवाओं को आसान और तेज बनाने की दिशा में Mumbai BMC ने बड़ा कदम उठाया है। अब नया जन्म, मृत्यु या विवाह प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने के बाद प्रमाणपत्र तीन दिनों में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जन्म प्रमाणपत्र में बच्चे का नाम दर्ज कराने की सुविधा भी तीन दिन में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

BMC Suvidha Kendra पर शुरू हुई आवेदन सुविधा

BMC के वार्ड स्तर पर मौजूद नागरी सुविधा केंद्र (CFC) में अब जन्म और मृत्यु पंजीकरण के साथ प्रमाणपत्रों में सुधार के आवेदन भी स्वीकार किए जा रहे हैं। इसके लिए Registration of Birth & Death (RBD) Portal का इस्तेमाल किया जा रहा है। नागरिक इन केंद्रों पर नए जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने के साथ पुराने प्रमाणपत्रों में जरूरी सुधार के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

Birth and Death Certificate in Mumbai: बच्चे के जन्म प्रमाणपत्र में नाम भी 3 दिन में जुड़ेगा

नए सिस्टम के तहत बच्चे के जन्म के बाद प्रमाणपत्र में उसका नाम दर्ज कराने की सुविधा भी तेज कर दी गई है। जन्म के 15 साल के भीतर बच्चे का नाम जन्म प्रमाणपत्र में दर्ज कराया जा सकता है और इसके लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रमाणपत्र करीब 3 कार्यालयीन दिनों में उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसके अलावा विवाह प्रमाणपत्र में सुधार का काम भी तीन कार्यालयीन दिनों में करने का प्रावधान किया गया है।

जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र में सुधार के लिए 25 दिन

जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र में किसी तरह की गलती होने पर उसे ठीक कराने के लिए भी अब CFC में आवेदन किया जा सकेगा। इसमें बच्चे के माता-पिता के नाम में सुधार, पता बदलना, जन्म तारीख में गलती, लिंग संबंधी गलती जैसी जानकारी शामिल है। ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 25 कार्यालयीन दिनों में सुधार करने का प्रावधान किया गया है। मृत्यु प्रमाणपत्र में सुधार के आवेदन भी इसी व्यवस्था के तहत स्वीकार किए जाएंगे।

पुराने प्रमाणपत्र को QR कोड वाले सर्टिफिकेट में बदल सकेंगे

BMC ने पुराने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्रों को नए QR Code वाले डिजिटल प्रमाणपत्र में बदलने की सुविधा भी शुरू की है। इसके लिए CFC में अलग खिड़की उपलब्ध कराई गई है। पुराने प्रमाणपत्र की मूल प्रति जमा करनी होगी। इसके बाद BMC के रिकॉर्ड में उपलब्ध जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। रिकॉर्ड मिलने और उसकी पुष्टि होने के बाद नया QR Code वाला प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। BMC के मुताबिक इस प्रक्रिया में सामान्य तौर पर 25 कार्यालयीन दिन लग सकते हैं।

आवेदन की स्थिति भी घर बैठे ट्रैक कर सकेंगे

नागरिकों को आवेदन की स्थिति जानने के लिए CFC की रसीद पर Unique ID दिया जाएगा। इस यूनिक आईडी के जरिए आवेदन की स्थिति का समय-समय पर पता लगाया जा सकेगा। BMC ने नागरिकों को जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की सलाह दी है। साथ ही CFC में अलग-अलग सेवाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।

आयुक्त अश्विनी भिडे ने दिए जनजागृति के निर्देश

BMC Commissioner Ashwini Bhide ने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़ी ऑनलाइन आवेदन सुविधा को लेकर व्यापक जनजागृति करने के निर्देश दिए हैं। वहीं अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्त वर्मा लवंगारे ने CFC में नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी देने और सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि BMC ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा मानक सेवा स्तर (SLA) के अनुसार है। पोर्टल, इंटरनेट, पुराने रिकॉर्ड की उपलब्धता, दस्तावेजों की जांच और संबंधित विभाग के कार्यभार जैसी परिस्थितियों के कारण वास्तविक समय कुछ अधिक लग सकता है।

Birth and Death Certificate in Mumbai: मुंबईकरों के लिए क्या बदला?

कुल मिलाकर अब नागरिकों को जन्म-मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। CFC में आवेदन, Unique ID से स्टेटस ट्रैकिंग और QR Code वाले प्रमाणपत्र की सुविधा से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की कोशिश की गई है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos