Rabies Free Mumbai की बड़ी पहल! आवारा कुत्तों के मुफ्त टीकाकरण के लिए BMC ने किया अंतरराष्ट्रीय संस्था से समझौता

The CSR Journal Magazine
मुंबई को रेबीज (Rabies Free Mumbai) मुक्त बनाने की दिशा में मुंबई बीएमसी (Mumbai BMC) ने बड़ा कदम उठाया है। बीएमसी ने वर्ल्डवाईड वेटरनरी सर्विसेज-होप/मिशन रेबीज इंडिया (WVS-HOPE/Mission Rabies India) के साथ तीन वर्षों के लिए समझौता (MoU) किया है। इस समझौते के तहत संस्था मुंबई के आवारा कुत्तों का मुफ्त रेबीज टीकाकरण करेगी और शहर में रेबीज की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

Rabies Free Mumbai: 2026 से 2028 तक चलेगा अभियान

बीएमसी मुख्यालय में हुए इस समझौते के दौरान अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने बताया कि यह अभियान 2026 से 2028 तक चलेगा। इसके तहत बड़े पैमाने पर Mass Dog Vaccination, Rabies Surveillance, जनजागरूकता अभियान और रेबीज से बचाव के उपायों पर काम किया जाएगा। संस्था यह सभी सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी।

2030 तक रेबीज खत्म करने का लक्ष्य

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग ने वर्ष 2030 तक कुत्तों से फैलने वाले रेबीज के उन्मूलन का राष्ट्रीय लक्ष्य तय किया है। इसी दिशा में बीएमसी भी लगातार काम कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए भारतीय पशु कल्याण बोर्ड की मानक कार्यप्रणाली के अनुसार आवारा कुत्तों के टीकाकरण पर जोर दिया है। इसी के अनुरूप मुंबई में यह अभियान शुरू किया गया है।

Rabies Free Mumbai: जनजागरूकता पर भी रहेगा जोर

इस अभियान के तहत केवल आवारा कुत्तों का टीकाकरण ही नहीं, बल्कि लोगों को रेबीज के खतरे, बचाव और समय पर इलाज के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। साथ ही शहर में रेबीज संक्रमण की निगरानी के लिए विशेष Surveillance System भी विकसित किया जाएगा।

सार्वजनिक स्वास्थ्य को मिलेगा लाभ

बीएमसी का मानना है कि बड़े पैमाने पर टीकाकरण और जागरूकता अभियान से मुंबई में रेबीज संक्रमण के मामलों में कमी आएगी। इससे नागरिकों की सुरक्षा बढ़ेगी और ‘रेबीज मुक्त मुंबई’ का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर उप आयुक्त (विशेष) विनायक विसपुते, देवनार पशुवधगृह के महाप्रबंधक डॉ. कलीमपाशा पठाण तथा मिशन रेबीज इंडिया के निदेशक एवं WVS-HOPE के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. बालाजी चंद्रशेखर भी उपस्थित रहे।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos