Mumbai Government Hospital on WhatsApp: मुंबई में अब व्हाट्सएप्प पर मिलेगा इलाज और अस्पतालों का पता, जानें कैसे?

The CSR Journal Magazine
Mumbai Government Hospital on WhatsApp: मुंबई में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में BMC ने बड़ा कदम उठाया है। अब नागरिक WhatsApp के जरिए अपने आसपास के अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र, उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके लिए BMC ने ‘Vaidya AI’ नाम का AI आधारित WhatsApp चैटबॉट शुरू किया है।

9892993368 नंबर पर WhatsApp करके मिलेगी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

Mumbai BMC ने 14 अगस्त 2026 से नागरिकों के लिए Vaidya AI WhatsApp Chatbot की सुविधा शुरू की है। इसके लिए नागरिकों को 9892993368 नंबर पर WhatsApp के माध्यम से संपर्क करना होगा। इस डिजिटल सुविधा को BMC ने Fractal Analytics Limited के साथ मिलकर तैयार किया है। इस चैटबॉट का मकसद मुंबई के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से उनके मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि इसके लिए नागरिकों को अस्पताल या सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।

घर के पास कौन-सा अस्पताल, चुटकियों में मिलेगी जानकारी

Vaidya AI के जरिए नागरिक अपने घर या आसपास मौजूद Health Facilities की जानकारी हासिल कर सकेंगे। किस तरह के इलाज की जरूरत है, उसके आधार पर संबंधित स्वास्थ्य संस्थान की जानकारी भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को यह पता लगाने में आसानी होगी कि उनके क्षेत्र में किस तरह की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है और इलाज के लिए कहां संपर्क किया जा सकता है।

सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी

BMC के मुताबिक, चैटबॉट पर सिर्फ अस्पतालों की जानकारी ही नहीं मिलेगी, बल्कि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी। इसके अलावा नागरिक चैटबॉट के माध्यम से अपना Feedback भी दे सकेंगे। इससे BMC को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों की जरूरतों को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्राथमिक उपचार में भी मदद, कई भाषाओं में संवाद

Vaidya AI को सिर्फ सूचना देने वाला प्लेटफॉर्म नहीं बनाया गया है। BMC के अनुसार, AI आधारित इस सुविधा के जरिए नागरिकों के साथ संवाद बढ़ाने और प्राथमिक स्तर पर उपचार संबंधी मदद उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। मुंबई जैसे बहुभाषी शहर को ध्यान में रखते हुए यह प्लेटफॉर्म अलग-अलग भाषाओं में नागरिकों से संवाद करने में भी सक्षम होगा। इससे उन लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है जिन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी हासिल करने में भाषा की परेशानी आती है।

Mumbai Government Hospital on WhatsApp: अस्पताल प्रशासन को भी मिलेगी मदद

इस AI प्लेटफॉर्म का फायदा सिर्फ मरीजों तक सीमित नहीं रहेगा। BMC की स्वास्थ्य व्यवस्था के दैनिक कामकाज को तकनीक के जरिए आसान और अधिक प्रभावी बनाने में भी Vaidya AI की भूमिका होगी। BMC का मानना है कि नागरिकों से मिलने वाली जानकारी और फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कमियों को पहचानने और सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। अस्पताल प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए भी AI का इस्तेमाल किया जाएगा। फिलहाल Vaidya AI को तीन महीने के लिए प्रायोगिक आधार (Pilot Project) पर लागू किया गया है। इस दौरान इसके इस्तेमाल और नागरिकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर आगे की दिशा तय की जाएगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos