Jobs for Divyangjan in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के दरवाजे एक बार फिर खुलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0” शुरू करने जा रही है, जो 6 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक पूरे प्रदेश में चलेगा। इस अभियान के जरिए दिव्यांगजनों को न सिर्फ नौकरी दी जाएगी, बल्कि उन्हें स्व-रोजगार से भी जोड़ा जाएगा। सरकार का साफ मकसद है कि दिव्यांगजन सिर्फ सहायता के मोहताज न रहें, बल्कि सम्मानजनक रोजगार पाकर आत्मनिर्भर बनें और समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ें।
Jobs for Divyangjan in Uttar Pradesh: तीन साल में प्रशिक्षित दिव्यांगजनों को मिलेगा सीधा फायदा
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान में पिछले तीन वर्षों के दौरान कौशल विकास मिशन और आईटीआई से प्रशिक्षित दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे दिव्यांगजन जो नौकरी की तलाश में हैं, उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही जनपद स्तर पर मौजूद अन्य इच्छुक दिव्यांगजन भी इस अभियान का लाभ ले सकेंगे।
फैक्ट्रियों और कंपनियों में मिलेगी नौकरी
अभियान के दौरान जिलों में चल रही औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्रियों और निजी संस्थानों में खाली पदों पर दिव्यांगजनों का सेवायोजन कराया जाएगा। साथ ही MSME, जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र और अन्य सरकारी योजनाओं के जरिए उन्हें स्व-रोजगार के अवसर भी दिए जाएंगे। यानि नौकरी भी और अपना काम शुरू करने का मौका भी।
हर जिले में खास टीम संभालेगी जिम्मेदारी
हर जनपद में यह अभियान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में चलेगा। इसमें जिला उद्योग केंद्र, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला रोजगार सहायता अधिकारी और कौशल विकास मिशन के अधिकारी शामिल होंगे। राजकीय आईटीआई को इसका मुख्य केंद्र बनाया जाएगा, जहां रोजगार और स्व-रोजगार से जुड़ी गतिविधियां होंगी।
UP Divyangjan Rojgar Abhiyan: रोजगार संगम पोर्टल से भी मिलेगा फायदा
जो दिव्यांगजन पहले से रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगजन इस सुनहरे मौके का लाभ उठा सकें। अभियान के तहत सबसे ज्यादा दिव्यांगजनों को नौकरी और स्व-रोजगार देने वाले टॉप-5 जिलों के जिलाधिकारियों और उनकी टीम को सम्मानित किया जाएगा। कुल मिलाकर देखा जाए तो यूपी में दिव्यांगजनों के लिए यह हफ्ता रोजगार का महाकुंभ साबित हो सकता है। नौकरी की तलाश कर रहे दिव्यांगजनों के लिए यह मौका किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!