लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 17 जून को प्रस्तावित कोटा दौरे से पहले राजस्थान की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह छात्रों और युवाओं को राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए कोचिंग संस्थानों, पीजी और गेस्ट हाउस संचालकों पर दबाव बना रही है। भाजपा की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
छात्रों के उत्साह से घबराई भाजपा गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के “छात्र संवाद” कार्यक्रम को लेकर कोटा सहित पूरे राजस्थान के युवाओं और छात्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। गहलोत का दावा है कि युवाओं के इस उत्साह को देखकर भाजपा असहज हो गई है और कार्यक्रम को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।


