बिहार के जहानाबाद में 28 अगस्त 2025 को छह साल के छात्र की मौत के मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। इस हादसे के बाद परिवहन विभाग ने तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित बस को जब्त कर लिया और वाहन मालिक व चालक पर एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। विभागीय जांच में पाया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बस का फिटनेस प्रमाण पत्र फरवरी 2024 में ही समाप्त हो चुका था, फिर भी वाहन लगातार चल रहा था। चालक के पास न ड्राइविंग लाइसेंस था, न बीमा और न ही प्रदूषण प्रमाण पत्र। वाहन का संचालन पूरी तरह गैरकानूनी और असुरक्षित तरीके से हो रहा था। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि चालक खतरनाक और लापरवाह तरीके से वाहन चला रहा था। इस आधार पर विभाग ने चालक और बस स्वामी के खिलाफ चालान अधिरोपित किया है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बिहार के परिवहन विभाग का सख्त रुख
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक को निर्देश दिया गया है कि वे स्कूल प्रशासन, वाहन स्वामी और चालक समेत सभी जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई करें। विभाग ने कहा कि बच्चों की जान से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिले के सभी निजी स्कूल जांच के घेरे में
इस हादसे के बाद विभाग ने जिले के सभी निजी स्कूलों की व्यापक जांच कराने का आदेश दिया है। अब हर स्कूल बस का फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और परमिट अनिवार्य रूप से चेक किया जाएगा। जिन वाहनों में कमी मिलेगी, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जहानाबाद की यह घटना न सिर्फ स्कूल प्रशासन बल्कि अभिभावकों के लिए भी चेतावनी है। परिवहन विभाग का यह कदम साफ संदेश देता है कि अगर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई तय है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!