प्रजनन अक्षमता (इनफर्टिलिटी) से जूझ रहे पुरुषों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिका की Columbia University के वैज्ञानिकों ने ‘STAR’ (स्पर्म ट्रैक एंड रिकवरी) नामक एआई तकनीक विकसित की है, जो बेहद कम या छिपे हुए शुक्राणुओं को खोजकर पुरुषों को पिता बनने का अवसर दे सकती है। इस तकनीक से उन मामलों में भी सफलता मिली है, जिन्हें पहले लगभग असंभव माना जाता था।
क्या है STAR तकनीक और कैसे करती है काम?
STAR (Sperm Track and Recovery) एक उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीक है, जो अत्याधुनिक इमेज स्कैनिंग सिस्टम के जरिए काम करती है। यह तकनीक एक सेकंड में लगभग 300 माइक्रोस्कोपिक छवियों का विश्लेषण कर सकती है। जहां सामान्य परीक्षणों में शुक्राणु नजर नहीं आते, वहां यह तकनीक तरल पदार्थ और अन्य कणों के बीच छिपे एक-एक शुक्राणु को भी पहचान लेती है। जैसे ही एआई किसी शुक्राणु की पहचान करता है, एक रोबोटिक सिस्टम तुरंत उसे अलग कर सुरक्षित कर लेता है। यह प्रक्रिया बेहद तेज और सटीक होती है, जिससे सफल फर्टिलाइजेशन की संभावना बढ़ जाती है।


