UP PM Surya Ghar Yojana: 7 लाख से ज्यादा घरों में लगे रूफटॉप सोलर, यूपी बना देश का दूसरा सबसे बड़ा सोलर राज्य

The CSR Journal Magazine
UP PM Surya Ghar Yojana: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य 7 लाख से अधिक आवासीय रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने वाला गुजरात के बाद देश का दूसरा राज्य बन गया है। जुलाई 2026 तक प्रदेश में 11,58,183 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 7,03,661 से अधिक घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इनसे 2,371.14 मेगावाट की स्वच्छ ऊर्जा क्षमता विकसित हुई है। सरकार का दावा है कि यह उपलब्धि प्रभावी नीति, डिजिटल पारदर्शिता और जनभागीदारी का परिणाम है।

UP PM Surya Ghar Yojana: हर दिन बन रही 1.07 करोड़ यूनिट मुफ्त स्वच्छ बिजली

प्रदेश में स्थापित रूफटॉप सोलर संयंत्रों से प्रतिदिन औसतन 1.07 करोड़ यूनिट (10.67 मिलियन यूनिट) स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे लाखों परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। यदि औसत बिजली दर ₹6.50 प्रति यूनिट मानी जाए तो प्रतिदिन लगभग ₹6.94 करोड़ मूल्य की बिजली का उत्पादन हो रहा है। यानी प्रदेश के परिवार हर दिन करीब ₹7 करोड़ की बिजली बचत का लाभ उठा रहे हैं।

12 हजार एकड़ भूमि की बचत, पर्यावरण को भी फायदा

सरकार के अनुसार यदि 2,371.14 मेगावाट क्षमता पारंपरिक ग्राउंड-माउंटेड सोलर पार्कों के जरिए विकसित की जाती, तो इसके लिए लगभग 12,000 एकड़ भूमि की जरूरत पड़ती। लेकिन रूफटॉप सोलर मॉडल अपनाने से यह भूमि कृषि, उद्योग, आवास और अन्य सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित बनी हुई है। इससे भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता भी कम हुई है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है।

UP PM Surya Ghar Yojana: हर साल 32 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी

रूफटॉप सोलर संयंत्रों से प्रतिवर्ष करीब 389 करोड़ यूनिट स्वच्छ बिजली उत्पादन का अनुमान है। इससे राज्य में पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी। सरकार का दावा है कि इस योजना से हर वर्ष लगभग 32 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आ रही है, जो लगभग 14.5 करोड़ परिपक्व पेड़ों द्वारा एक वर्ष में अवशोषित कार्बन के बराबर पर्यावरणीय लाभ है। इससे उत्तर प्रदेश जलवायु परिवर्तन से निपटने और भारत के नेट-ज़ीरो लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

85 हजार से अधिक लोगों को मिला रोजगार

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है। यूपीनेडा के तहत प्रदेश में 7,000 से अधिक कंपनियां पंजीकृत हैं, जिनके माध्यम से 85,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं। इसके अलावा सोलर मॉड्यूल, इन्वर्टर, एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग, बीमा और अन्य क्षेत्रों में लाखों अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी विकसित हुए हैं।

यूपी को ‘रूफटॉप सोलर कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार तक सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाना है। इसके लिए स्थापना प्रक्रिया को और तेज करने, डिजिटल व्यवस्था को सरल बनाने तथा हरित ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का दावा है कि उत्तर प्रदेश अब केवल रूफटॉप सोलर क्षमता में ही नहीं, बल्कि हरित रोजगार, डिजिटल पारदर्शिता, निवेश और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos