Maharashtra Milavati Dudh: महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी पर बड़ा एक्शन: 43 लाख रुपये का मिलावटी दूध और डेयरी उत्पाद नष्ट

The CSR Journal Magazine
Maharashtra Milavati Dudh: महाराष्ट्र में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। सिर्फ दो दिनों की जांच में विभाग ने 14,064 किलोग्राम डेयरी उत्पाद और 24,632 लीटर संदिग्ध मिलावटी एवं घटिया गुणवत्ता वाला दूध जब्त कर नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए इस सामान की कुल कीमत 43.31 लाख रुपये बताई गई है। वहीं प्रतिबंधित पान मसाला, गुटखा और अन्य खाद्य पदार्थों पर भी कार्रवाई करते हुए 1.44 करोड़ रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया।

Maharashtra Milavati Dudh: दूध में मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई

FDA ने 6 और 7 जुलाई को राज्यभर में दूध और दुग्ध उत्पादों की विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई डेयरी और दूध संग्रह केंद्रों पर छापेमारी की गई। लातूर जिले के एक दूध संग्रह केंद्र में जांच के दौरान दूध में मिलावट के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला Whey Powder बड़ी मात्रा में बरामद हुआ। यहां से 1,425 किलोग्राम व्हे पाउडर और 7,500 लीटर दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा कानून के तहत एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नासिक और पुणे में भी बड़ी कार्रवाई

नासिक जिले के सिन्नर में बिना लाइसेंस संचालित गोदाम से 8,392 किलोग्राम डेयरी पाउडर जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 17.37 लाख रुपये है। इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा 49 किलोग्राम खोया भी नष्ट किया गया और संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया। पुणे जिले में एक डेयरी से 9,498 लीटर संदिग्ध दूध जब्त किया गया, जबकि दूसरे मामले में 7,634 लीटर दूध नष्ट किया गया। कई नमूनों में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं होने की आशंका जताई गई है।

82 होटल और रेस्टोरेंट की जांच, 9 के लाइसेंस निलंबित

3 से 6 जुलाई के बीच FDA ने राज्यभर में 82 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच की। जांच में गंभीर खामियां मिलने पर 33 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 9 होटल और रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। मुंबई, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर, लातूर, नांदेड़, अहमदनगर और यवतमाल सहित कई जिलों में यह कार्रवाई की गई। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई, वहां गंदगी, खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और बिना लाइसेंस कारोबार जैसी अनियमितताएं मिलीं।

गुटखा-पान मसाला माफिया पर भी शिकंजा

FDA ने प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखे के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया। विभाग ने 30 छापेमारी कर 1.44 करोड़ रुपये से अधिक का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किया। इस दौरान 13 एफआईआर दर्ज की गईं, 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 4 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 5 वाहन जब्त किए गए।

जनता से की अपील

FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के बाद विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या मिलावट को लेकर संदेह हो तो तुरंत शिकायत करें। शिकायत FoSCoS Portal, Food Safety Connect App या टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 पर दर्ज कराई जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी कारोबारी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos