बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 33 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित रूप से अपने ही माता-पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान रोहन चंद्र भट्ट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रोहन अपने स्टार्टअप के लिए माता-पिता से आर्थिक मदद मांग रहा था। जब माता-पिता ने उसे पैसे देने से इनकार किया, तो उसने गुस्से में आकर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
मृतकों की पहचान रिटायर्ड नेवी कैप्टन नवीन चंद्र भट्ट (60) और उनकी पत्नी डॉ. श्यामला भट्ट (55) के रूप में हुई है। डॉ. श्यामला भट्ट पेशे से डेंटिस्ट थीं। घटना के बाद आरोपी ने दोनों को मणिपाल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और अपार्टमेंट में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर माधवी नायर, जो उसी अपार्टमेंट में रहती हैं, ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोहन चंद्र भट्ट के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ जारी है। आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, दंपति की एक बेटी भी है, जो अमेरिका में रहती है। पुलिस का कहना है कि बेटी के भारत पहुंचने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के मानसिक हालात तथा पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि की भी पड़ताल की जा रही है।