जुमे की नमाज के दौरान धमाका, इलाके में दहशत, अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार दोपहर एक भीषण धमाके से दहल उठी। यह आत्मघाती हमला शहर के तरलाई इलाके में स्थित एक शिया इमामबाड़े में किया गया, जहां जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा थे। इस हमले में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, यह धमाका शहजाद टाउन क्षेत्र के इमामबाड़े परिसर में हुआ, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ चीख-पुकार और खून से सना मंजर देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया गया।
अस्पतालों में हाई अलर्ट, इमरजेंसी सेवाएं एक्टिव
घायलों की संख्या ज्यादा होने के चलते इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में सभी जरूरी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न यूनिट और न्यूरोलॉजी विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, राहत कर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि किसी और खतरे को टाला जा सके।
अब तक किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, पाकिस्तान में शिया समुदाय को पहले भी निशाना बनाया जाता रहा है, जिससे सांप्रदायिक हिंसा की आशंका और गहरी हो गई है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े हमले
गौरतलब है कि इस्लामाबाद इससे पहले भी आतंकी हमलों का शिकार हो चुका है। 11 नवंबर 2025 को G-11 इलाके में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की मौत हुई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। ताजा हमले के बाद एक बार फिर पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
The sons of former Pakistani Prime Minister Imran Khan, Kasim Khan and Sulaiman Khan, have expressed grave concerns regarding their father's health. They claim...
Fresh allegations regarding enforced disappearances have surfaced from Karachi and Balochistan, intensifying scrutiny of Pakistan's human rights practices. Families have reported that several individuals...