गोरखपुर में तिरंगे का जनसैलाब, CM योगी की अगुवाई में निकली भव्य यात्रा; 16 जगहों पर पुष्पवर्षा से स्वागत

The CSR Journal Magazine
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को गोरखपुर में निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर की यात्रा में ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि सड़कें तिरंगों से पट गईं। हर तरफ हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे और देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। सीएम योगी के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, युवा, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के लोग और शहर के अलग-अलग वर्गों के नागरिक तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाते नजर आए। यात्रा के पूरे रास्ते लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

महारानी लक्ष्मीबाई को नमन कर शुरू हुई यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित पार्क में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन किया। उन्होंने प्रथम स्वातंत्र्य समर में महारानी लक्ष्मीबाई के योगदान को याद किया। इसके बाद सीएम योगी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। टाउन हॉल पहुंचकर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। इसके बाद हाथ में तिरंगा लेकर उन्होंने यात्रा की अगुवाई शुरू की।

सड़कों पर दिखा तिरंगे का जनसैलाब

यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। सभी के हाथों में तिरंगा था। ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। ऐसा दृश्य नजर आया मानो गोरखपुर की सड़कों पर तिरंगे के साथ जनसमुद्र उमड़ पड़ा हो। यात्रा में शामिल कई लोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की टी-शर्ट और कैप पहने हुए थे। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने भी तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।

16 जगहों पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री योगी की अगुवाई वाली तिरंगा यात्रा का मार्ग में 16 स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री और यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा की। होटल शिवाय, कचहरी चौक, जलकल, गांधी आश्रम, बलदेव प्लाजा, गणेश चौक, काली मंदिर, पुलिस लाइन तिराहा, यातायात तिराहा और वरदान होटल समेत कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

8 जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

तिरंगा यात्रा को यादगार बनाने के लिए लोक कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों ने भी देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। यात्रा मार्ग पर 8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। ढोल-नगाड़ों, गीत-संगीत और लोक प्रस्तुतियों के बीच यात्रा का उत्साह लगातार बढ़ता रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को देशभक्ति और उत्सव के रंग में रंग दिया।

मोबाइल कैमरों में कैद हुआ देशभक्ति का नजारा

तिरंगा यात्रा का भव्य दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर पहले से मौजूद रहे। जैसे ही यात्रा उनके सामने से गुजरी, लोगों में इस पल को मोबाइल कैमरे में कैद करने की होड़ दिखाई दी। कोई सड़क के डिवाइडर से वीडियो बना रहा था तो कोई दुकानों और घरों की छतों से यात्रा की तस्वीरें ले रहा था। कई लोगों ने तिरंगा यात्रा की रील भी बनाई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस आयोजन को लेकर खास उत्साह नजर आया।

महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पहुंचकर हुआ समापन

करीब ढाई किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर यात्रा का समापन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे छोड़े और बच्चों के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने कुछ बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

गोरखपुर में दिखी राष्ट्र प्रथम की भावना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकली यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर में देशभक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना का बड़ा प्रदर्शन बनी। हजारों लोगों की भागीदारी और जगह-जगह हुए स्वागत ने गोरखपुर में तिरंगे के प्रति लोगों के उत्साह को सामने रखा। ढाई किलोमीटर की यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 16 जगहों पर पुष्पवर्षा और 8 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने गोरखपुर की तिरंगा यात्रा को खास बना दिया। शहर की सड़कों से लेकर घरों की छतों तक हर तरफ तिरंगा और देशभक्ति का माहौल नजर आया

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos