CJP Protest in Delhi Live Updates: कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट जारी है। इस बीच लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है, वहीं पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया है कि सरकार प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए तैयार हो गई है।
Follow all the updates here:
दिल्ली: JP नड्डा से मिले 'कॉकरोच जनता पार्टी' के मुख्य प्रवक्ता, रखीं तीन मांगें
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर जेपी नड्डा से दो बार मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं।
सौरव दास ने बताया कि पहली मांग लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार को उन्हें जल्द से जल्द रिहा करना चाहिए।
उन्होंने दूसरी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की रखी। दास ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को या तो मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए या फिर उन्हें खुद पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक उनका इस्तीफा नहीं होता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
तीसरी मांग नीट (NEET) अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने की है। सौरव दास ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नीट विवाद के कारण 20 से अधिक अभ्यर्थियों की जान गई है।
उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर उन्होंने जेपी नड्डा से बातचीत की और सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित कराया है।
नड्डा ने सभी मांगों की समीक्षा के लिए कुछ समय मांगा है - CJP
सोनम वांगचुक के समर्थन में आंदोलन कर रहे CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि आशुतोष रांका ने बताया कि नड्डा ने सभी मांगों की समीक्षा के लिए कुछ समय मांगा है और कहा है कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत मेडिकल रिकॉर्ड तलब किया
दिल्ली हाईकोर्ट ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत मेडिकल रिकॉर्ड तलब किया है। अदालत उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि आंगमो की उस अपील पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्होंने सिंगल जज के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी देकर मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति देने से इनकार किया गया था।
डिवीजन बेंच ने निर्देश दिया कि सफदरजंग अस्पताल, एम्स और निजी लैब द्वारा तैयार की गई सभी पैथोलॉजिकल रिपोर्टें तथा वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति से जुड़े सभी हेल्थ बुलेटिन अदालत के समक्ष पेश किए जाएं। साथ ही, वांगचुक के परिवार को निजी लैब में कराए गए सभी जांचों की रिपोर्ट भी दाखिल करने को कहा गया है।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि मंगलवार को सफदरजंग अस्पताल में वांगचुक का इलाज कर रहे मेडिकल टीम के प्रमुख डॉक्टर, एम्स के निदेशक और एम्स के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के प्रभारी डॉ. अक्षय व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहें। इसके अलावा, वांगचुक के परिवार की ओर से नियुक्त डॉक्टर को भी सुनवाई में मौजूद रहकर अदालत की सहायता करने के लिए कहा गया है।
CJP प्रोटेस्ट मामले में जेपी नड्डा का आया बयान
CJP प्रोटेस्ट मामले में जेपी नड्डा का बयान आया। उन्होंने कहा कि "आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 AM से ही हमारी बातचीत जारी है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई। उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई। मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें।"
दिल्ली में भयानक ट्रैफिक जाम
राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों, खासकर सेंट्रल दिल्ली, में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। कनॉट प्लेस इलाके से सामने आए दृश्य में सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन में दिल्ली पुलिस के जवान भी घायल
दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के दौरान दिल्ली पुलिस के कई जवान घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने और पथराव की कोशिश की, जबकि CJP ने पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगाया। मामले को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
सीजेपी (CJP) के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को अपना ज्ञापन सौंपा।

दिल्ली पुलिस का बयान, भ्रामक पोस्ट पर होगी कार्यवाई
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर एक 12 वर्षीय बच्ची गीतांजलि के साथ मारपीट, उसके बाल खींचने, सिर में गंभीर चोट लगने और 40 से 50 अन्य लोगों के सिर फूटने संबंधी जो जानकारी वायरल की जा रही है, वह पूरी तरह झूठी और भ्रामक है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए सभी दावे तथ्यहीन हैं और ऐसी कोई घटना उस रूप में नहीं हुई है, जैसा बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के ऐसे भ्रामक संदेश या पोस्ट साझा न करें।
दिल्ली में एनटीए दफ्तर की सुरक्षा बढ़ाई गई, रेल भवन के पास स्थिति सामान्य
गृह सचिव और पुलिस कमिश्नर की बैठक
दिल्ली में जारी प्रदर्शन के मामले में केंद्रीय गृह सचिव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर की बैठक हो रही है। इस बैठक में आईबी चीफ भी मौजूद है।

