Jharkhand: JPSC-JSSC धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन, विधानसभा घेराव आज

The CSR Journal Magazine
झारखंड में JPSC-JSSC में धांधली को लेकर छात्रों का विरोध बढ़ता जा रहा है। आज सुबह 9 बजे से छात्र रांची के मोरहाबादी मैदान से विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे। देर रात से लगभग 5000 छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जमा हो चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने छात्रों को रोकने के लिए कड़ी तैयारी की है। विभिन्न स्थानों पर कंटीले तार लगाए गए हैं और BNS की धारा 163 भी लागू कर दी गई है। तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। प्रदर्शन स्थलों पर CCTV कैमरों की निगरानी जारी है।

सरकार और छात्रों के बीच वार्ता

रविवार को सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की बैठक हुई। सरकार का दावा है कि छात्रों की लगभग 98% मांगें मान ली गई हैं। JPSC-PT परीक्षा को रद्द करने पर सहमति बन गई है। हालांकि, JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और CBI जांच के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं हो पाया है। उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अनुसार, CGL परीक्षा उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत आयोजित की गई थी। कई अभ्यर्थियों की नियुक्तिें भी हो चुकी हैं, ऐसे में परीक्षा को बिना किसी आधार के रद्द नहीं किया जा सकता।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

छात्रों के आंदोलन को देखते हुए झारखंड CID के ADG मनोज कौशिक ने कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे अपने आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से करें। उन्होंने कहा कि 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और कई डिजिटल सबूत जुटाए गए हैं। हम सभी को यह विश्वास दिलाते हैं कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी।

विधायकों का समर्थन

विधायक जयराम महतो छात्रों के समर्थन में एक दिन का उपवास रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी भूख हड़ताल सरकार पर अतिरिक्त दबाव डालने का एक प्रयास है। महतो ने कहा कि मुझे लगता है कि सरकार जानती है कि असल दोषी कौन हैं। लाखों रुपए की सीटों की बिक्री एक गंभीर मामला है और इसमें शक्तिशाली लोग शामिल हैं। इसलिए, CBI जांच की आवश्यकता है।

JPSC में प्रशासनिक बदलाव

इसी बीच, JPSC में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव भी देखने को मिल रहा है। आयोग के तीन सदस्यों – अजीता भट्टाचार्य, जमील अहमद और अनिमा हांसदा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ये इस्तीफे राज्यपाल को भेजे गए थे, जिन्हें मंजूर कर लिया गया है। इसके पहले, JPSC के चेयरपर्सन एल. खियांग्ते ने भी इस्तीफा दिया था। फिलहाल, JPSC की भर्ती परीक्षाओं में घोटाले के आरोपों की CID जांच चल रही है। 10 अगस्त को डॉ. अजीता भट्टाचार्य से पूछताछ होने वाली है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos