Sports Job in Bihar: बिहार सरकार का बड़ा दांव! ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ 

The CSR Journal Magazine
बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 161 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान चयनित खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर विभिन्न सरकारी विभागों में सीधी नियुक्ति दी गई है। इस योजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मानजनक रोजगार देकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।

आकाश दीप और मुकेश कुमार बने पुलिस उपाधीक्षक

इस योजना के तहत भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को उनकी शानदार उपलब्धियों के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है। दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति को बिहार सरकार की खेल नीति की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इन पदों पर मिली सीधी नियुक्ति

‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को DSP, दरोगा, पंचायती राज पदाधिकारी समेत अन्य उपयुक्त सरकारी पदों पर नियुक्त किया गया है। सरकार का कहना है कि खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सामाजिक प्रतिष्ठा भी मिलेगी।

खेल संस्कृति को मजबूत करने पर सरकार का जोर

बिहार सरकार का दावा है कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, खेल छात्रावास, उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल उपकरण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं।

खेल मंत्री ने क्या कहा?

बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि राज्य का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों या भविष्य की चिंता के कारण पीछे न रह जाए। उनके अनुसार ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना खिलाड़ियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है। सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है। सरकार का मानना है कि इस पहल से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और राज्य के युवाओं में खेल को एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में अपनाने की नई प्रेरणा मिलेगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos