योगी सरकार का बड़ा तोहफा: UP के 1.28 लाख शिक्षकों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज और करोड़ों का बीमा कवर

The CSR Journal Magazine
उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना’ की शुरुआत करेंगे। इस योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं बिना आर्थिक परेशानी के मिल सकेंगी।

कैशलेस इलाज की मिलेगी सुविधा

नई योजना के तहत विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षकों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। अभी तक कई शिक्षकों को इलाज का खर्च पहले खुद उठाना पड़ता था और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी। नई व्यवस्था से उन्हें समय पर इलाज और आर्थिक राहत दोनों मिलेंगी।

हर परिवार को मिलेगा 5 लाख रुपये तक स्वास्थ्य कवर

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का कार्ड बनने के बाद लाभार्थी निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। अस्पताल में भर्ती होने से लेकर इलाज, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का खर्च योजना के तहत कवर किया जाएगा।

1900 से ज्यादा इलाज पैकेज होंगे शामिल

इस योजना में गंभीर बीमारियों के इलाज को भी शामिल किया गया है। सूचीबद्ध अस्पतालों में लाभार्थियों को 1900 से अधिक उपचार पैकेज का लाभ मिलेगा। इसमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारी, जटिल सर्जरी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। योजना का संचालन साचीज के माध्यम से किया जाएगा और इलाज के लिए आयुष्मान भारत की निर्धारित दरें लागू होंगी।

शिक्षकों को बीमा सुरक्षा भी मिलेगी

आगरा में होने वाले कार्यक्रम के दौरान शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ समझौता भी किया जाएगा। इस एमओयू के तहत कर्मचारियों को कई अतिरिक्त बीमा सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अंतर्गत शिक्षकों और कर्मचारियों को 1.50 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 3 करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा, 60 हजार रुपये तक का अस्पताल नकद लाभ और 12 लाख रुपये तक का टर्म लाइफ बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।

शिक्षक कल्याण की दिशा में बड़ा कदम

योगी सरकार का कहना है कि शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा बेहतर उच्च शिक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है। इस योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत होगी। सरकार की यह पहल प्रदेश में शिक्षक कल्याण और उच्च शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos