पुरी रथयात्रा की धूम, होटल बुकिंग ने 10 गुना तक बढ़ाई कीमतें

The CSR Journal Magazine
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा 16 जुलाई, गुरुवार से आरंभ होने जा रही है। यह भव्य उत्सव 24 जुलाई तक चलेगा, जिसमें 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। रथयात्रा के चलते पुरी के होटल और लॉज में बुकिंग पूरी तरह भर चुकी हैं। जिला प्रशासन की जानकारी के अनुसार, इस साल फरवरी से ही होटल की बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो गई थी।

होटल और लॉज की बढ़ती मांग

मंदिर और रथयात्रा मार्ग के आसपास स्थित होटलों की सबसे ज्यादा मांग है। खासकर ऐसे होटलों के लिए, जिनकी बालकनी या खिड़की रथ यात्रा मार्ग की ओर खुलती है। पिछले साल की तुलना में होटल और लॉज का किराया 10 गुना तक बढ़ गया है। जिन लॉज का सामान्य किराया 1500 से 2000 रुपए होता है, उनका किराया रथयात्रा के दौरान तीन दिन के लिए 50 हजार रुपए तक पहुंच गया है। पुरी में लगभग 1200 होटल हैं।

हावड़ा में अनोखी रथयात्रा

हावड़ा में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा एक अनूठे तरीके से मनाई जाती है। यहां पर न तो रस्सी से रथ खींचा जाता है और न ही विशाल रथ सजाया जाता है। कोलकाता के सेंट पॉल कैथेड्रल मिशन कॉलेज के बांग्ला विभाग के प्रोफेसर डॉ. शेख मकबूल इस्लाम भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा और सुदर्शन के विग्रह को अपनी गोद में लेकर लगभग 400 मीटर की परिक्रमा करते हैं।

समुदायों का मिलन

इस यात्रा में हिंदू, मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोग शामिल होते हैं। डॉ. मकबूल इस्लाम ने 1992 से भगवान जगन्नाथ पर शोध कर रहे हैं और इस विषय पर 14 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं। 1996 से उनके घर में भगवान जगन्नाथ का विग्रह स्थापित है और 2009 से वे हर साल रथ पूजा के अवसर पर इस अनूठी परिक्रमा का आयोजन कर रहे हैं।

क्यों खास है यह रथयात्रा

डॉ. शेख ने इस परंपरा का आधार कठोपनिषद् के प्रसिद्ध श्लोक ‘आत्मानं रथिनं विद्धि, शरीरं रथमेव तु…’ बताया है। उनके अनुसार, इस श्लोक में शरीर को रथ, बुद्धि को सारथी और आत्मा को रथ का स्वामी कहा गया है। इसलिए, जब शरीर ही रथ है, तो अलग रथ की जरूरत नहीं है।

सात्विक भोग की परंपरा

वे पूरी तरह शाकाहारी हैं और भगवान जगन्नाथ के लिए अपने घर में पुरी की परंपरा के अनुसार 35 प्रकार का सात्विक भोग बनाकर विधि-विधान से अर्पित करते हैं।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos