रेलवे के ट्रेन मैनेजरों के लिए झांसी कारखाने ने तैयार की अत्याधुनिक ब्रेक वैन, पूरे देश में लागू होंगे नए मानक

The CSR Journal Magazine
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी वैगन मरम्मत कारखाने ने मालगाड़ी के ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) की कार्य स्थितियों को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कारखाने ने संशोधित (मॉडिफाइड) ब्रेक वैन (BVZI और BVCM) का पहला सफल प्रोटोटाइप तैयार किया है। इस नई ब्रेक वैन में आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिससे ट्रेन मैनेजरों को लंबी ड्यूटी के दौरान अधिक सुविधा, सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। इस पहल को ट्रेन मैनेजरों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में अहम कदम बताया है।

रेलवे बोर्ड ने देशभर में लागू करने के दिए निर्देश

झांसी कारखाने के इस नवाचार को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश जारी किए हैं कि रिपेयर और ओवरहालिंग (POH/ROH) के दौरान BVZI और BVCM ब्रेक वैन को इसी आधुनिक डिजाइन के अनुसार अपग्रेड किया जाए। इससे आने वाले समय में देशभर में मालगाड़ियों के ट्रेन मैनेजरों को एक जैसी आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

Railway Brake Van: नई ब्रेक वैन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

नई ब्रेक वैन में ट्रेन मैनेजरों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसमें 360 डिग्री घूमने वाली आरामदायक सीट और विशेष फुटरेस्ट लगाया गया है, जिससे लंबे समय तक ड्यूटी करना आसान होगा। इसके अलावा सोलर पैनल, लिथियम फेरो फॉस्फेट बैटरी, पंखे और एलईडी लाइट जैसी ऊर्जा दक्ष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। केबिन के अंदर टिकाऊ फ्लोरिंग, बेहतर गुणवत्ता वाला कमोड, आकर्षक इंटीरियर और मजबूत फिनिशिंग की गई है।

Railway Brake Van: सुरक्षा और सुविधा पर विशेष जोर

ब्रेक वैन में वॉकी-टॉकी स्टैंड, पानी की बोतल रखने की जगह, कोट हुक, ग्रैब हैंडल और यूनिवर्सल लॉक जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी दी गई हैं। इन बदलावों का उद्देश्य ट्रेन मैनेजरों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।

NCR के GM ने की पहल की सराहना

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस परियोजना की स्वयं निगरानी की। उन्होंने झांसी वैगन मरम्मत कारखाने की टीम की सराहना करते हुए कहा कि ट्रेन मैनेजर रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई ब्रेक वैन उनके कामकाज की कठिन परिस्थितियों को काफी हद तक आसान बनाएगी और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos