प्रयागराज में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। करछना क्षेत्र के पचदेवरा हाल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
कैसे हुआ यह भयावह हादसा?
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे एक ट्रेन कुछ देर के लिए ट्रैक पर रुकी हुई थी। इसी दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर दूसरी पटरी के पास टॉयलेट के लिए चले गए। तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पांच जिंदगियां पल भर में खत्म हो गईं।
मां की चीखों से कांप उठा माहौल
हादसे के बाद सबसे दर्दनाक दृश्य उस मां का था, जो अपने बेटे को खो चुकी थी। “हाय! मेरा बच्चा… हमार लल्ला…” जैसी चीखों ने हर किसी का दिल झकझोर दिया। मौके पर मौजूद लोग भी इस मंजर को देखकर भावुक हो उठे। मृतकों में फिरोजाबाद का रहने वाला आकाश भी शामिल है, जिसकी मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान और सफर की कहानी
पुलिस के अनुसार, मृतक उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे और फिरोजाबाद से कोलकाता की ओर जा रहे थे। अब तक जिनकी पहचान हुई है, उनमें गिरिराज, आकाश, अजय और मुन्ना पासी शामिल हैं। कुछ अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग ट्रेन से उतरकर पटरी पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस और प्रशासन हरकत में
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।
सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।यह हादसा एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। क्या यात्रियों की लापरवाही थी या पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों की कमी? इस सवाल का जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएगा, लेकिन फिलहाल पांच परिवारों की दुनिया उजड़ चुकी है।