प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नॉर्थ ईस्ट को देश के लिए “अष्टलक्ष्मी” बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर को केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि विकास और समृद्धि का प्रमुख स्तंभ मानती है। पीएम मोदी ने कहा कि इस साल का बजट नॉर्थ ईस्ट के लिए बीजेपी-एनडीए के विजन को और मजबूत करेगा और क्षेत्र को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि बजट के बाद यह उनका असम और पूर्वोत्तर का पहला दौरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा नॉर्थ ईस्ट की उपेक्षा की, जबकि उनकी सरकार इसे “भक्तिभाव” से सेवा कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बार असम को टैक्स हिस्सेदारी के रूप में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की तुलना करते हुए कहा कि पहले असम को केवल 10 हजार करोड़ रुपये ही मिलते थे और राज्य को विकास के लिए पाई-पाई के लिए तरसाया जाता था।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस के मुकाबले पांच गुना अधिक धनराशि मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने असम को विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 5.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले नॉर्थ ईस्ट का नाम आते ही खराब इंफ्रास्ट्रक्चर याद आता था, लेकिन अब स्थिति तेजी से बदल रही है। उन्होंने बताया कि आज असम और पूरे पूर्वोत्तर में आधुनिक हाईवे बनाए जा रहे हैं, जहां न सिर्फ वाहन चल सकते हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर हवाई जहाज भी उतर सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह बदलाव सरकार की प्रतिबद्धता और विकास के प्रति गंभीरता का प्रमाण है।