Mumbai BMC Footpath Encroachment Free: मुंबई में अब पैदल चलना होगा आसान! 14 दिन में 68 किमी फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त, 77 अवैध निर्माण हटाए

The CSR Journal Magazine
Mumbai BMC Footpath Encroachment Free: मुंबई में पैदल चलने वालों के लिए बीएमसी ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पादचारी प्रथम (Pedestrian First) अभियान के तहत महानगरपालिका ने पिछले 14 दिनों में शहर और उपनगरों के 81 फुटपाथों को अतिक्रमण और अन्य बाधाओं से मुक्त किया है। इस दौरान करीब 68 किलोमीटर फुटपाथ खाली कराए गए हैं। बीएमसी के मुताबिक, अभियान के पहले चरण में कुल 200 फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

Mumbai BMC Footpath Encroachment Free: 14 दिन में 337 कार्रवाई

बीएमसी ने बताया कि 1 से 14 अगस्त 2026 के बीच फुटपाथों पर कुल 337 कार्रवाई की गईं। इनमें 77 अवैध निर्माण और 112 अनधिकृत फेरीवालों को हटाया गया। इसके अलावा फुटपाथ पर मौजूद 49 स्ट्रीट फर्नीचर, 63 सामान रखने की जगहें, 27 दुकानों के बोर्ड, 14 साइन बोर्ड और 49 बैनर भी हटाए गए। फुटपाथ पर आने वाली 25 अधिकृत दुकानों से जुड़ी संरचनाओं में सुधार किया गया। वहीं, 8 फुटपाथों की मरम्मत और फुटपाथ पर बनाए गए 8 अवैध पार्किंग स्थलों को हटाने की कार्रवाई भी की गई।

Mumbai BMC Footpath Encroachment Free: सभी 26 वार्ड में चलेगा अभियान

बीएमसी का यह अभियान मुंबई के सभी 26 प्रशासनिक वार्डों में चलाया जा रहा है। पहले चरण में 200 फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य है। अब तक 81 फुटपाथों पर काम शुरू हो चुका है। यह अभियान बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन और हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। बीएमसी का कहना है कि फुटपाथ सिर्फ पैदल चलने की जगह नहीं हैं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

मुंबई में करीब आधे लोग पैदल चलते हैं

बीएमसी के अनुसार, मुंबई में रोजाना होने वाले करीब 50 फीसदी सफर में पैदल चलने की भूमिका होती है। लेकिन कई जगह टूटे फुटपाथ, फेरीवालों का कब्जा, दुकान का सामान, बैनर, पेड़, अवैध रैंप, पार्क किए गए वाहन और दूसरे अतिक्रमण के कारण लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है। इससे पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ता है। बीएमसी के Road Safety Annual Report 2023 के मुताबिक, सड़क हादसों में होने वाली कुल मौतों में करीब 44 फीसदी मौतें पैदल चलने वालों की थीं।

स्टेशन, स्कूल और अस्पतालों के आसपास पहले कार्रवाई

बीएमसी ने उन फुटपाथों को प्राथमिकता दी है जहां सबसे ज्यादा लोगों की आवाजाही होती है। इनमें रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, धार्मिक स्थल, बाजार, स्कूल और कॉलेज शामिल हैं। खास तौर पर बुजुर्गों, विद्यार्थियों और दिव्यांग लोगों के लिए फुटपाथों को सुरक्षित और आसानी से इस्तेमाल करने लायक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

सिर्फ कब्जा हटाना नहीं, फुटपाथ भी सुधारे जाएंगे

‘पादचारी प्रथम’ अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं है। बीएमसी फुटपाथों की गुणवत्ता सुधारने पर भी ध्यान दे रही है। टूटे हुए हिस्सों की मरम्मत, फुटपाथ के लेवल में अंतर को दूर करना, गलत रैंप हटाना और पेड़ों की उचित छंटाई जैसे काम किए जाएंगे। दुकानदारों और लाइसेंसधारी फेरीवालों को भी अपना सामान, बोर्ड और अन्य सामग्री तय सीमा के अंदर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बाधित न हो।

हर महीने 90 फीसदी फुटपाथों की जांच

बीएमसी अब यह सुनिश्चित करने की तैयारी में है कि कार्रवाई के बाद फुटपाथों पर दोबारा कब्जा न हो। प्रत्येक प्रशासनिक वार्ड में कम से कम 90 फीसदी फुटपाथों की हर महीने जांच की जाएगी। हर सप्ताह कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार होगी और अधिकारियों द्वारा इसकी समीक्षा की जाएगी। बीएमसी ने साफ किया है कि एक बार अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos