MHADA ने नागरिकों की सुविधा के लिए डिजिटल प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महाराष्ट्र सरकार के GPR 2.0 अभियान के तहत अब लोगों को घर बैठे कई सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी। मुंबई के बांद्रा ईस्ट स्थित MHADA मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में MHADA के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जायसवाल (MHADA VP and CEO Sanjeev Jaiswal, IAS) ने CFC@Home और Visitor Management System जैसी नई डिजिटल सुविधाओं का शुभारंभ किया।
अब घर बैठे जमा होंगे आवेदन और शिकायतें
नई CFC@Home सुविधा के जरिए नागरिक अब अपने घर से ही आवेदन, शिकायतें और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही लोग अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर पाएंगे। फीस भुगतान और अन्य जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी। MHADA की Digital Services, Citizen Facility Centre से आम लोगों को बहुत सहूलियतें होंगी।
ऑनलाइन मिलेगी अधिकारियों से मिलने की अपॉइंटमेंट
MHADA ने Visitor Management System भी शुरू किया है। इसके जरिए नागरिक अधिकारियों से मिलने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। अगर कोई अधिकारी मीटिंग में व्यस्त है या छुट्टी पर है, तो इसकी जानकारी भी मोबाइल ऐप पर मिल जाएगी। जरूरत पड़ने पर अपॉइंटमेंट का समय बदला भी जा सकेगा। इससे दफ्तरों के बाहर लंबी लाइनें और घंटों इंतजार की समस्या कम होने की उम्मीद है।


