तूफान के बीच फंसा Deputy CM Eknath Shinde का Helicopter, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

The CSR Journal Magazine
Deputy CM Eknath Shinde Helicopter: मुंबई में गुरुवार दोपहर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई। खराब मौसम और तेज तूफानी हवाओं की वजह से उनका हेलिकॉप्टर बीच रास्ते में भरकट गया। हालांकि पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते समय रहते हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ लिया गया और जुहू के पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

Deputy CM Eknath Shinde Helicopter: मुरबाड जाते वक्त अचानक बिगड़ा मौसम

जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने पार्टी पदाधिकारी के परिवार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई से मुरबाड जा रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर महालक्ष्मी रेसकोर्स स्थित हेलीपैड से रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर जैसे ही ऐरोली इलाके तक पहुंचा, तभी मौसम अचानक बिगड़ गया। सामने से तेज तूफानी हवाएं और खराब विजिबिलिटी दिखाई देने लगी। ठाणे ग्रामीण क्षेत्र की ओर मौसम और ज्यादा खराब होने की आशंका को देखते हुए पायलट ने तत्काल स्थिति का आकलन किया।

पायलट ने दिखाई सूझबूझ, तुरंत लिया बड़ा फैसला

पायलट ने संभावित खतरे को भांपते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे को स्थिति की जानकारी दी और आगे उड़ान जारी रखना सुरक्षित नहीं बताया। इसके बाद हेलिकॉप्टर को तुरंत वापस मुंबई की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया। कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर को जुहू स्थित पवन हंस हेलीपैड पर सफलतापूर्वक उतार लिया गया। इस दौरान हेलिकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री शिंदे के अलावा उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, विशेष कार्य अधिकारी बाल सिंह राजपूत, जनसंपर्क विभाग के विशेष कार्य अधिकारी विनायक पात्रुडकर, सुरक्षा कर्मी और विमान कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Deputy CM Eknath Shinde Helicopter: सभी यात्री सुरक्षित, टला बड़ा हादसा

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी लोग उपमुख्यमंत्री शिंदे के साथ उनके निवास स्थान के लिए रवाना हो गए। इस घटना के बाद मौसम विभाग की चेतावनियों और प्री-मानसून तूफानों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से अचानक मौसम बदलने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में हेलिकॉप्टर और छोटी उड़ानों के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत पर भी जोर दिया जा रहा है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos