Maharashtra Lek Ladki Yojana: महाराष्ट्र सरकार ने बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही लेक लाडकी योजना (Maharashtra Lek Ladki Yojana) की प्रक्रिया को और आसान कर दिया है। अब पात्र बच्चियों के माता-पिता ‘आपले सरकार’ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सरकार ने आवेदन में लगने वाले दस्तावेजों की संख्या भी कम करने का फैसला किया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने इसकी जानकारी दी।
Maharashtra Lek Ladki Yojana: अब बार-बार दस्तावेज देने की जरूरत नहीं
नई व्यवस्था में आवेदन प्रक्रिया को काफी हद तक डिजिटल किया गया है। आधार नंबर के जरिए जरूरी जानकारी ऑटो फेच हो जाएगी। इसके साथ ही बच्ची, उसकी मां और पिता की e-KYC की जाएगी। इससे अभिभावकों को बार-बार कागजात जमा कराने की परेशानी नहीं होगी। सबसे खास बात यह है कि योजना के अलग-अलग चरणों में मिलने वाले लाभ के लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पात्रता पूरी होने पर आगे की राशि प्रक्रिया के अनुसार सीधे खाते में भेजी जाएगी।
DBT से सीधे बैंक खाते में मिलेगी रकम
सरकार अब योजना की राशि Direct Benefit Transfer (DBT) के जरिए लाभार्थी के बैंक खाते में जमा करेगी। इसके लिए अलग से बैंक खाते की जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही आवेदन करते समय आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ी जानकारी भी अभिभावकों को अलग से भरने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और लाभार्थी के लिए आसान होगी। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा पात्र बच्चियों को योजना से जोड़ना है।
18 साल की उम्र तक मिलेंगे कुल ₹1.01 लाख
लेक लाडकी योजना के तहत 1 अप्रैल 2023 या उसके बाद जन्म लेने वाली पात्र बच्चियों को अलग-अलग चरणों में आर्थिक सहायता दी जाती है। बच्ची के जन्म पर ₹5,000, पहली कक्षा में प्रवेश पर ₹6,000, छठी कक्षा में प्रवेश पर ₹7,000, 11वीं कक्षा में प्रवेश पर ₹8,000 और 18 वर्ष की उम्र पूरी होने पर ₹75,000 दिए जाते हैं। इस तरह पात्र बच्ची को कुल ₹1,01,000 की आर्थिक सहायता मिल सकती है। योजना का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और उनके प्रति परिवार एवं समाज में सकारात्मक सोच को मजबूत करना है।
Maharashtra Lek Ladki Yojana: पुराने पात्र लाभार्थियों को भी मौका
सरकार ने पहले से पात्र लाभार्थियों के लिए भी आवेदन का रास्ता खुला रखा है। 1 अप्रैल 2023 से पात्र लाभार्थी 15 अगस्त 2027 तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, इसके बाद पोर्टल पर दर्ज होने वाले नए मामलों में बच्ची के जन्म के एक साल के भीतर आवेदन करना जरूरी होगा।
Maharashtra Lek Ladki Yojana: किन परिवारों को मिलेगा लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए परिवार का महाराष्ट्र का निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा परिवार के पास पीला या नारंगी राशन कार्ड होना चाहिए और सरकार की ओर से तय आय तथा अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा। सरकार की इस नई व्यवस्था से उम्मीद है कि Lek Ladki Yojana Online Apply, DBT और कम दस्तावेजों के कारण अभिभावकों के लिए योजना का लाभ लेना पहले के मुकाबले काफी आसान होगा।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!