राजधानी पटना के कई इलाकों में शुक्रवार को लोगों को कुछ घंटों के लिए बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। पटना इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई यूनिट (पेसू) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और जरूरी तकनीकी कार्यों के कारण छह फीडरों से अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति रोकी जाएगी। इसका असर सुबह से लेकर दोपहर और कुछ इलाकों में अपराह्न तक देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को पहले से जरूरी काम निपटाने की सलाह दी गई है।
शिवपुरी पार्क फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह कटेगी बिजली
पेसू के अनुसार, शिवपुरी पार्क फीडर में प्रोजेक्ट कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 8 बजे से 10 बजे तक पूर्वी भिखाचक, पश्चिमी भिखाचक और विष्णुपुरी इलाके में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इन इलाकों के लोगों को करीब दो घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ सकता है। विभाग ने बताया कि कार्य पूरा होते ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
तेजप्रताप नगर और वृंदावन क्षेत्र भी होंगे प्रभावित
शहर के तेजप्रताप नगर फीडर से जुड़े इलाकों में भी शुक्रवार को बिजली बाधित रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तेजप्रताप नगर और वृंदावन क्षेत्र में बिजली नहीं रहेगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह कटौती जरूरी रखरखाव और तकनीकी कार्यों के कारण की जा रही है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा मिल सके।
सगुना मोड़ समेत कई इलाकों में तीन घंटे की कटौती
सगुना फीडर के अंतर्गत आने वाले इलाकों में 11 केवी परियोजना के तहत कार्य किया जाएगा। इसके कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रियदर्शी नगर, डीपीएस मोड़, सगुना मोड़, मंगलम कॉलोनी और सुधा बूथ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इन इलाकों में रहने वाले लोगों और दुकानदारों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।
कोठवां और आसपास के क्षेत्रों में भी असर
बुडको कार्य के कारण कोठवां फीडर से जुड़े कई क्षेत्रों में भी बिजली सप्लाई रोकी जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कश्यप ग्रीन सिटी, कोठवां, रामचंद्र नगर और कोठवां बगीचा इलाके प्रभावित रहेंगे। वहीं मित्रमंडल फीडर से सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कल्याणी कॉलोनी, सौरभ एन्क्लेव और वशिष्ठ कॉलोनी में बिजली नहीं रहेगी।
विजय नगर फीडर से जुड़े इलाकों में सबसे लंबी कटौती
विजय नगर डर से जुड़े क्षेत्रों में सबसे अधिक समय तक बिजली बाधित रहेगी। सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आदर्श कॉलोनी, मेरिडियन ग्रीन अपार्टमेंट, नित्य बाग कॉलोनी और वीणा बिहार अपार्टमेंट इलाके में बिजली आपूर्ति ठप रहेगी।
पेसू ने लोगों से की सहयोग की अपील
पेसू ने कहा है कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे करने का प्रयास किया जाएगा और उसके तुरंत बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से अपनी दिनचर्या की योजना बना लें ताकि बिजली कटौती के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।