अजमेर हत्याकांड दूसरी शादी, घरेलू कलह और प्रताड़ना ने ली 4 जानें, कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे

The CSR Journal Magazine
राजस्थान में अजमेर जिले के श्रीरामपुरा गांव में कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी दूसरी पत्नी सुरज्ञान देवी, मां पूसीदेवी और मौसेरी बहन महिमा की हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार पहली पत्नी सुनीता देवी, बेटी सरिता और 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने मिलकर सोते समय चारों की धारदार हथियार से हत्या की और बाद में शवों को एसयूवी में डालकर आग लगा दी, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। जांच में सामने आया कि परिवार लंबे समय से घरेलू हिंसा, प्रताड़ना और दूसरी शादी के विवाद से जूझ रहा था।

सड़क हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या निकली

गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे श्रीरामपुरा गांव के पास सड़क किनारे एक एसयूवी धू-धू कर जलती मिली। वहां से गुजर रहे एक डंपर चालक ने कार का पिछला गेट खोला तो आग की लपटों में घिरी एक महिला बाहर गिर गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान रामसिंह चौधरी की दूसरी पत्नी और जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान देवी के रूप में हुई। कार में रामसिंह चौधरी, उनकी मां पूर्व सरपंच पूसीदेवी और मौसेरी बहन महिमा के शव बुरी तरह जले हुए मिले। शुरुआत में इसे हादसा बताया गया और कहा गया कि रामसिंह अपनी मां को अस्पताल ले जा रहे थे, तभी कार में आग लग गई। लेकिन सुरज्ञान के शरीर पर मामूली जलन और धारदार हथियार के घाव मिलने के बाद पुलिस को हत्या का शक हुआ।

घर में मिला खून, धुले बिस्तरों ने खोला राज

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर एफएसएल और एमओबी टीम जब रामसिंह के खेत स्थित घर पहुंची तो वहां पहली पत्नी सुनीता देवी, बेटी सरिता और नाबालिग बेटा मौजूद मिले। पुलिस को घर में सफाई के संकेत मिले। फर्श और बिस्तरों को धोया गया था। गहन जांच में कमरे, दीवारों, चारपाइयों और जमीन पर खून के निशान मिले। एफएसएल टीम ने मौके से खून के नमूने जुटाए। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो कुछ ही मिनटों में वे टूट गए और पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी कुएं से बरामद कर लिए।

दूसरी शादी के बाद बढ़ा पारिवारिक विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि रामसिंह चौधरी ने वर्ष 2004 में सुनीता देवी से शादी की थी। दोनों के एक बेटी और एक बेटा है। सरपंच रहते हुए एक विवाद में जेल जाने के दौरान रामसिंह की मुलाकात वकील सुरज्ञान देवी से हुई। सुरज्ञान अपने भाई का केस लड़ रही थीं और बाद में रामसिंह का केस भी उन्होंने संभाला। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2019 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया।
दूसरी शादी के बाद परिवार में तनाव बढ़ता गया। आरोप है कि रामसिंह दूसरी पत्नी सुरज्ञान के साथ शराब पार्टी करता था और पहली पत्नी सुनीता व उसके बच्चों को प्रताड़ित करता था। पुलिस के अनुसार सुनीता और उसके बच्चों को “मुर्गा” बनाकर पीटा जाता था। यही तनाव धीरे-धीरे नफरत में बदल गया।

मां की प्रताड़ना से नाराज था नाबालिग बेटा

पूछताछ में 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां की प्रताड़ना से बेहद परेशान था। उसने खुलासा किया कि उसने पिता की हत्या के लिए ऑनलाइन चाकू मंगवाया था। बुधवार रात भी रामसिंह और सुरज्ञान ने शराब पार्टी की थी और उसी दौरान सुनीता के साथ विवाद हुआ। इसके बाद अलसुबह जब रामसिंह नशे में सो रहा था, तब बेटे ने उसका गला रेत दिया। पास में सो रही सुरज्ञान देवी उठ गईं तो उन पर भी हमला कर दिया गया। शोर सुनकर दादी पूसीदेवी और रिश्ते में बुआ महिमा बाहर आईं तो मां, बेटी और बेटे ने मिलकर उनकी भी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि नाबालिग बेटा पहले भी पिता की हत्या की चेतावनी दे चुका था।

शव जलाकर हादसे का रूप देने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की योजना बनाई। उन्होंने ट्रैक्टर से डीजल निकाला और चारों शवों को एसयूवी में डालकर घर से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे ले गए। वहां वाहन में आग लगा दी गई ताकि लोग इसे दुर्घटना समझें। इसके बाद तीनों आरोपी वापस घर लौट आए और घर की सफाई कर खून के निशान मिटाने में जुट गए। पुलिस के अनुसार सुनीता देवी बाद में घटनास्थल पर विलाप का ढोंग भी करती रही। हालांकि वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के बाद पूरा मामला खुल गया। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पहली पत्नी सुनीता देवी, बेटी सरिता और नाबालिग बेटे को डिटेन कर लिया है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos