योगी सरकार ने तेज की भर्ती प्रक्रिया, UPSSSC ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर; दिसंबर 2026 तक होंगी कई बड़ी परीक्षाएं

The CSR Journal Magazine
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं एवं साक्षात्कारों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी इस कैलेंडर से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को अपनी रणनीति बनाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विशेष परिस्थितियों में आयोग परीक्षा अथवा साक्षात्कार की तिथियों में आवश्यक परिवर्तन कर सकता है।

अगस्त में होंगी कई महत्वपूर्ण मुख्य परीक्षाएं

आयोग के अनुसार प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा 9 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा 23 अगस्त 2026 को इसी समय प्रस्तावित है। इसके अलावा अनुदेशक फिटर, अनुदेशक ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) तथा अनुदेशक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम मेंटिनेंस पदों के लिए अगस्त माह में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

सितंबर में आशुलिपिक, आबकारी सिपाही और वन रक्षक की परीक्षाएं

आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (2022 एवं 2023) के लिए हिन्दी आशुलेखन एवं टंकण परीक्षा 1 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है। वहीं आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा 20 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि भेषजिक (आयुर्वेदिक) मुख्य परीक्षा उसी दिन अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। 27 सितंबर को वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा सुबह की पाली में तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त वर्ग) की मुख्य परीक्षा शाम की पाली में प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त अनुदेशक मैकेनिक (डीजल इंजन) एवं अनुदेशक टर्नर पदों के साक्षात्कार भी सितंबर में होंगे।

अक्टूबर में PET और नवंबर में प्लाटून कमांडर, गन्ना पर्यवेक्षक सहित कई परीक्षाएं

आयोग ने बताया कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है। इसी माह अनुदेशक मशीनिस्ट पद के लिए साक्षात्कार भी आयोजित किए जाएंगे। 22 नवंबर 2026 को प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गेनाइजर मुख्य परीक्षा सुबह की पाली में तथा हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा शाम की पाली में आयोजित होगी। इसके बाद 29 नवंबर को गन्ना पर्यवेक्षक मुख्य परीक्षा सुबह तथा मोहर्रिर मुख्य परीक्षा अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है।

दिसंबर में लेखा परीक्षक और विधान भवन रक्षक परीक्षा

20 दिसंबर 2026 को लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार मुख्य परीक्षा सुबह की पाली में तथा विधान भवन रक्षक एवं विधान भवन अग्निरक्षक मुख्य परीक्षा शाम की पाली में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा की टंकण परीक्षा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है।

अभ्यर्थियों को मिलेगा तैयारी का पर्याप्त समय

परीक्षा कैलेंडर जारी होने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी योजनाबद्ध तरीके से करने में मदद मिलेगी। विभिन्न परीक्षाओं की तिथियां पहले से घोषित होने से उम्मीदवार विषयवार अध्ययन, मॉक टेस्ट और रिवीजन का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक या विशेष परिस्थितियों में निर्धारित कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

 

Latest News

Popular Videos