भीलवाड़ा: कैंसर एक गंभीर बीमारी है जो मरीजों को सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और आर्थिक रूप से भी प्रभावित करती है। आर्थिक बोझ अक्सर परिवारों के लिए भारी पड़ता है। लेकिन अब कैंसर के मरीजों के लिए बहुत अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने कैंसर की कुछ दवाओं पर व्यापारिक मार्जिन को 30 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रस्ताव पास किया है। इस कदम से दवाओं की कीमतें 20 से 70 प्रतिशत तक कम हो सकती हैं।
महंगाई से मिलेगी राहत, मरीजों की जेब पर असर
अगर यह प्रस्ताव सही तरीके से लागू होता है, तो मरीजों को महंगी दवाओं के लिए पहले की तुलना में काफी कम पैसे खर्च करने होंगे। भीलवाड़ा के लोगों ने इस फैसले को सकारात्मक बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे आर्थिक बोझ कम होगा और परिवार को थोड़ी राहत मिलेगी।
सरकारी पहल पर स्थानीय व्यापारियों की राय
भीलवाड़ा के आजाद नगर निवासी हिमांशु शर्मा ने बताया कि कैंसर की दवाइयों पर 20 से 70% की छूट का प्रस्ताव साधारण लोगों के लिए बड़ा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कैंसर से पीड़ित मरीजों और उनके परिवार वालों पर आर्थिक दबाव होता है। दवाइयों की बढ़ती कीमतें इन्हें और परेशान करती हैं। सरकार का यह फैसला निश्चित रूप से आम आदमी के लिए फायदेमंद होगा।
दवाओं की कीमतों में कटौती का स्वागत
मेडिकल व्यापारी नवल सिंह सुराणा ने कहा कि 70% तक दवाओं की कीमतें कम होना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि कैंसर की बीमारी किसी भी वर्ग को नहीं देखती, फिर भी इलाज के लिए पैसे निकालना सबसे बड़ी चुनौती बनता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि कैंसर के अलावा अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयों को भी सस्ता किया जाए।
सामाजिक क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता
स्थानीय निवासी गौरव और जोधपुर निवासी नरेंद्र ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहत का अनुभव लाएगा। इससे न केवल मानसिक, बल्कि आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी। यह निश्चित तौर पर केंद्र सरकार का एक बड़ा और सराहनीय कदम है। आने वाले दिनों में और भी रियायतों की उम्मीद की जा रही है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!