app-store-logo
play-store-logo
March 6, 2026

दिल्ली में 3 दिन का ट्रैफिक डायवर्जन, 6 से 8 मार्च तक इन रास्तों से बचें, ट्राफिक पुलिस की एड्वाइसरी

The CSR Journal Magazine

 

राजधानी दिल्ली में 6 मार्च से 8 मार्च 2026 तक तीन दिनों के लिए कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यह व्यवस्था Delhi Traffic Police ने छतरपुर स्थित Radha Soami Satsang Beas के बड़े धार्मिक कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए की है। यह सत्संग कार्यक्रम Bhatti Mines इलाके में बने राधा स्वामी सत्संग परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

दिल्ली NCR पर बढ़ेगा ट्रैफिक का दबाव

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में करीब 3 से 4 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। इनमें से लगभग 80 हजार श्रद्धालु रात में सत्संग परिसर में ही रुकेंगे, जबकि बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से प्रतिदिन कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौटेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ सकता है।

भारी वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थाई डायवर्सन

पुलिस के मुताबिक छतरपुर रोड (SSN मार्ग), भट्टी माइंस रोड, मेहरौली-गुरुग्राम रोड और मंडी रोड सहित आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही अधिक रहने की संभावना है। इसलिए इन मार्गों पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। एडवाइजरी के तहत भारी वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा। मंडी रोड की ओर से आने वाले वाहनों को जोना पुर कट से मेहरौली-गुरुग्राम रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं मल्लू फार्म के पास बध रोड कट से भट्टी माइंस रोड की ओर जाने वाले वाहनों को भी जोना पुर होते हुए मेहरौली-गुरुग्राम रोड की तरफ मोड़ा जाएगा।

6 से 8 मार्च तक रहेगा प्रभावी

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 6 से 8 मार्च तक हर दिन सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक इन सड़कों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर लें और संभव हो तो इन मार्गों से बचकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से भट्टी माइंस स्थित सत्संग परिसर के अंदर वाहनों की पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए परिसर और आसपास के इलाकों में कई जगह दिशा-सूचक साइनबोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि लोगों को पार्किंग और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यात्रियों से प्रशासन की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अगले तीन दिनों तक इन इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें और जारी किए गए ट्रैफिक डायवर्जन नियमों का पालन करें, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी सुचारु रूप से हो सके।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/ app/newspin/id6746449540

Google Play Store – https://play.google.com/store/ apps/details?id=com. inventifweb.newspin& pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos