राजस्थान के दिग्गज नेता स्वर्गीय जसवंत सिंह के परिवार में इन दिनों पारिवारिक विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह और उनकी मां शीतल कंवर के बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दूसरी शादी की चर्चाओं के बीच मानवेंद्र सिंह की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
जसवंत सिंह के परिवार में विवाद ने खींचा ध्यान
राजस्थान की राजनीति के प्रतिष्ठित परिवारों में गिने जाने वाले स्वर्गीय जसवंत सिंह के परिवार में इन दिनों विवाद खुलकर सामने आ गया है। पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह और उनकी मां शीतल कंवर के बीच हुई तीखी नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मानवेंद्र सिंह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ घर के बाहर खड़े हैं, जबकि उनकी मां घर के अंदर से उन्हें गेट पर ही रोकती नजर आ रही हैं। मारवाड़ी अंदाज में शीतल कंवर बेटे से कहती हैं—“थनै म्हैं घर में नी आवण दूं… थै अठैऊं जाओ।” यानी “मैं तुम्हें घर में अंदर नहीं आने दूंगी, तुम यहां से चले जाओ।”
इस वीडियो के सामने आने के बाद मारवाड़ की राजनीति और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
दूसरी शादी की चर्चाओं से बढ़ा विवाद
पिछले कुछ दिनों से मानवेंद्र सिंह की दूसरी शादी को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कथित तौर पर दूसरी जाति की एक युवती से शादी कर ली है। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसी मुद्दे को लेकर परिवार में तनाव बढ़ने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार 3 मार्च को मानवेंद्र सिंह कथित तौर पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ घर पहुंचे थे। लेकिन परिवार के सदस्यों ने उन्हें घर के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि इस विवाद में उनकी मां के अलावा उनके भाई और परिवार के अन्य सदस्य भी नाराज बताए जा रहे हैं।
वायरल वीडियो ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है और सोशल मीडिया पर लोग इस पूरे मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दूसरी शादी के सवाल पर मानवेंद्र सिंह की पहली प्रतिक्रिया
जब मीडिया ने इस पूरे विवाद और दूसरी शादी की खबरों को लेकर मानवेंद्र सिंह से संपर्क किया तो उन्होंने सीधे तौर पर इन आरोपों पर कुछ भी कहने से बचने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “अभी देश के लिए महत्वपूर्ण सूचना ईरान की लड़ाई है या सोशल मीडिया की सूचनाएं?” इतना कहकर उन्होंने फोन काट दिया।
उनकी यह प्रतिक्रिया काफी रहस्यमयी मानी जा रही है। उन्होंने न तो दूसरी शादी की खबरों को साफ तौर पर स्वीकार किया और न ही इनकार किया।
कुछ दिन पहले ही बेटे की हुई थी शाही शादी
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में मानवेंद्र सिंह के बेटे हमीर सिंह की शादी बड़े ही धूमधाम से हुई थी। इस शादी में राजस्थान के कई बड़े राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए थे। शादी के दौरान परिवार में सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था। लेकिन बेटे के रिसेप्शन के कुछ ही दिनों बाद दूसरी शादी की खबरों और पारिवारिक विवाद की चर्चा सामने आ गई। इस वजह से यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। सामाजिक और राजनीतिक हलकों में भी लोग इस घटनाक्रम को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
सड़क हादसे में हुई थी पत्नी चित्रा सिंह की मौत
मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह का निधन 30 जनवरी 2024 को एक सड़क हादसे में हो गया था। यह दुर्घटना राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई थी। बताया जाता है कि उस समय मानवेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ दिल्ली से जयपुर जा रहे थे। अलवर के नौगांवा के पास उनकी लग्जरी एसयूवी कार अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चित्रा सिंह आगे की सीट पर बैठी थीं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्घटना में मानवेंद्र सिंह और उनके बेटे हमीर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। मानवेंद्र सिंह की पसलियों में फ्रैक्चर हुआ था और उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में इलाज कराना पड़ा था।
राजनीति और सामाजिक छवि पर पड़ सकता है असर
जसवंत सिंह का परिवार राजस्थान की राजनीति में लंबे समय से प्रभावशाली रहा है। बाड़मेर-जैसलमेर क्षेत्र में इस परिवार का खास राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव माना जाता है। ऐसे में पूर्व सांसद के निजी जीवन से जुड़ा यह विवाद उनकी सार्वजनिक छवि और राजनीतिक भविष्य पर क्या असर डालेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और दूसरी शादी की चर्चाओं ने इस परिवारिक विवाद को सुर्खियों में ला दिया है।