Redevelopment से Dharavi का बदलेगा चेहरा! सपनों के घरों का दिखाया मॉडल, CM ने खोला Experience Centre

The CSR Journal Magazine
Dharavi Redevelopment Experience Centre: गांधी जयंती के मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को धारावी एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया। इस सेंटर का मकसद धारावी के लोगों को प्रस्तावित पुनर्विकास योजना की झलक सीधे दिखाना है। यहां लोग खुद जाकर देख सकते हैं कि नए घर कैसे होंगे, सड़कें और सार्वजनिक सुविधाएं कैसी होगी और पूरे धारावी को किस तरह विकसित करने की योजना है। 22,500 वर्ग फीट में बने इस Experience Centre में लोगों के लिए घरों के वास्तविक आकार के मॉडल तैयार किए गए हैं। यहां 350 वर्ग फुट और 500 वर्ग फुट के घरों के मॉडल बनाए गए हैं। इनमें कुछ घर बिना फर्नीचर के हैं, जबकि कुछ पूरी तरह सजे हुए हैं। इससे लोग घर के अंदर की जगह, कमरे और प्रस्तावित लेआउट को करीब से समझ सकेंगे।

डॉ. महेंद्र कल्याणकर बोले- लोगों को योजना समझना आसान होगा

इस मौके पर डॉ. महेंद्र कल्याणकर ने कहा कि Experience Centre का उद्देश्य धारावी के लोगों को पुनर्विकास योजना से जुड़ी जानकारी आसान तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “लोग सिर्फ कागजों पर योजना देखने के बजाय यहां आकर प्रस्तावित घरों, सुविधाओं और पूरे पुनर्विकास की तस्वीर को अपनी आंखों से देख सकेंगे। इससे लोगों को अपने भविष्य के घर और आसपास विकसित होने वाली सुविधाओं को समझने में मदद मिलेगी।”

Dharavi Redevelopment Experience Centre: 3D Walkthrough में दिखेगा नया धारावी

Experience Centre में एक खास 3D Walkthrough तैयार किया गया है। इसके जरिए लोग प्रस्तावित नए धारावी को करीब से देख सकेंगे। इसमें रिहायशी इलाके, व्यावसायिक जगहें, सड़कें, परिवहन व्यवस्था, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, पार्क और दूसरी सार्वजनिक सुविधाओं को दिखाया गया है। धारावी की पहचान सिर्फ यहां के घरों से नहीं, बल्कि यहां चलने वाले हजारों छोटे-बड़े कारोबारों और लोगों की मेहनत से भी जुड़ी है। सेंटर में धारावी के इतिहास और यहां के कारोबार व उद्यमिता को भी प्रदर्शित किया गया है।

Dharavi Redevelopment Experience Centre: घर के साथ रोजगार पर भी फोकस

धारावी पुनर्विकास योजना में सिर्फ लोगों को नए घर देने की बात नहीं है। योजना में घर और रोजगार के बीच धारावी के पुराने संबंध को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। इसके साथ स्कूल, अस्पताल, धार्मिक स्थल, सार्वजनिक परिवहन, पार्क और दूसरी जरूरी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित Multimodal Transport Hub के जरिए अलग-अलग परिवहन साधनों को एक जगह जोड़ने की योजना है। इससे धारावी के लोगों के साथ-साथ दूसरे मुंबईकरों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

Dharavi Redevelopment Experience Centre: 40 हजार पेड़ और 3.3 किलोमीटर का Riverfront

पुनर्विकास योजना में पर्यावरण पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत धारावी में करीब 40 हजार पेड़ लगाने और मिठी नदी के किनारे 3.3 किलोमीटर लंबा सार्वजनिक रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना है। इसके अलावा पार्क और खुले स्थान भी तैयार किए जाएंगे, जिससे इलाके में हरियाली और सार्वजनिक जगहों में बढ़ोतरी हो सके।

लोगों को मिलेगी सर्वे और पुनर्वास की जानकारी

Experience Centre में डिजिटल और सहायता काउंटर भी बनाए गए हैं। यहां धारावी के लोगों को सर्वे, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और पुनर्वास से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य यह है कि लोगों को यह समझने में आसानी हो कि पुनर्विकास के दौरान उनके घर और रोजगार से जुड़े प्रावधान क्या होंगे और पूरी प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ेगी।

धारावी पर एंथम और कॉफी टेबल बुक भी जारी

मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस मौके पर धारावी पर तैयार किया गया एंथम भी लॉन्च किया। इसके साथ ही धारावी के इतिहास, यहां रहने वाले लोगों और इस इलाके की पहचान को सामने लाने वाली कॉफी टेबल बुक भी जारी की गई। धारावी एशिया की सबसे बड़ी अनौपचारिक बस्तियों में से एक है और यहां 10 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं। Experience Centre के जरिए सरकार अब पुनर्विकास की योजना को सिर्फ कागजों और बैठकों तक सीमित रखने के बजाय लोगों को उसके मॉडल और प्रस्तावित सुविधाएं सीधे दिखाने की कोशिश कर रही है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos