बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की अगुवाई में शुरू हुई ‘सनातन एकता पदयात्रा’ इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यह यात्रा भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने और यमुना शुद्धिकरण जैसी मांगों के साथ दिल्ली से शुरू होकर वृंदावन की ओर अग्रसर है। 7 नवंबर को दिल्ली के कात्यायनी मां मंदिर, छतरपुर से आरंभ हुई इस पदयात्रा में हजारों श्रद्धालु रोजाना शामिल हो रहे हैं। रविवार को पदयात्रा हरियाणा के सीकरी स्थित शगुन गार्डन विश्राम स्थल पहुंची, जहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हर गुजरते दिन के साथ सनातनियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे यात्रा अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।
शिल्पा शेट्टी और अनुपम खेर भी देंगे ‘हिंदू एकता’ का संदेश
आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा में अब बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार भी शामिल होने जा रहे हैं। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर 16 नवंबर को मथुरा जिले के छटीकरा में होने वाले अंतिम पड़ाव में पहुंचेंगे। दोनों कलाकारों की धीरेंद्र शास्त्री में गहरी आस्था बताई जाती है। शिल्पा शेट्टी ने पहले भी कई धार्मिक आयोजनों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जबकि अनुपम खेर धर्म और राष्ट्रवाद पर अपने विचारों के लिए जाने जाते हैं। इनके शामिल होने से भक्तों में उत्साह का माहौल है, और माना जा रहा है कि इनकी मौजूदगी से पदयात्रा का समापन अधिक भव्य और ऐतिहासिक बन जाएगा।
B Praak भजनों से रचेंगे भक्तिमय वातावरण
पदयात्रा के अंतिम पड़ाव छटीकरा चारधाम मंदिर के समीप आयोजित होगा, जहां लोकप्रिय गायक बी प्राक अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। ब्रज तीर्थ देवालय न्यास ने बताया कि समापन के अवसर पर बी प्राक का भक्ति संगीत कार्यक्रम पदयात्रा का मुख्य आकर्षण होगा। भक्तों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के महामंत्री आर.के. पांडे ने बताया कि “पूरे स्थल को सजाने और व्यवस्था करने में नगर निगम की टीमें दिन-रात जुटी हैं। करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के ठहरने और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है।”
चार एकड़ में भोजन पंडाल और विशाल मंच की तैयारी
छटीकरा में पदयात्रा के ठहराव की व्यवस्था ब्रज तीर्थ देवालय न्यास देख रहा है। यहां पांच एकड़ भूमि पर भव्य मंच तैयार किया जा रहा है, जबकि पास ही चार एकड़ क्षेत्र में विशाल भोजन पंडाल बनाया जा रहा है, जहां भक्तों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था होगी। सभा स्थल पर संतों, धर्माचार्यों और विशिष्ट अतिथियों के लिए विशेष मंच बनेगा, जहां से वे भक्तों को संबोधित करेंगे।
अक्षय पात्र संस्था देगी रोज एक लाख रोटियां
दिल्ली से वृंदावन तक की इस लंबी पदयात्रा के दौरान भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी गौरीगोपाल आश्रम के स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने संभाली हुई है। लेकिन 12 नवंबर से अक्षय पात्र फाउंडेशन भी इस सेवा में शामिल होगा और रोजाना एक लाख रोटियां पदयात्रियों के लिए उपलब्ध कराएगा। यह सेवा यात्रा के समापन तक जारी रहेगी।
हर दिन जुड़ रही हैं नामचीन हस्तियां
इस पदयात्रा में अब तक कई नामी चेहरे शामिल हो चुके हैं। शनिवार को फिल्म अभिनेता संजय दत्त, क्रिकेटर शिखर धवन और उमेश यादव, रेसलर द ग्रेट खली जैसे सितारे आचार्य धीरेंद्र शास्त्री के साथ चलते नजर आए। शिखर धवन ने कहा “धीरेंद्र शास्त्री जी समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं। हिंदुओं को जातिवाद से ऊपर उठकर एक होना चाहिए, यही सच्ची देशभक्ति है।”
वहीं, ग्रेट खली ने कहा “इस यात्रा का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है। एकता ही भारत की ताकत है।”
मुस्लिम समाज ने भी दिया साथ
इस पदयात्रा में मुस्लिम समुदाय का सहयोग भी देखने को मिला। हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के उपाध्यक्ष शाहनवाज मलिक अपने दल के साथ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा “हम बागेश्वर धाम से निमंत्रण पाकर आए हैं। यह यात्रा हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का संदेश दे रही है। भारत की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
16 नवंबर को होने वाले समापन के लिए मथुरा प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एसपी (देहात) सुरेशचंद रावत ने बताया कि यात्रा मार्ग को 18 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आध्यात्मिकता और राष्ट्र चेतना का संगम
धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एकता, अध्यात्म और राष्ट्र चेतना का प्रतीक बन चुकी है। छतरपुर से लेकर वृंदावन तक भगवा झंडों की लहर और भक्तों की जयघोष से पूरा वातावरण भक्ति और जोश से सराबोर है। 16 नवंबर को जब शिल्पा शेट्टी, अनुपम खेर और बी प्राक मंच साझा करेंगे, तब यह पदयात्रा अपने इतिहास के स्वर्ण क्षण पर पहुंचेगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
Former diplomat Manju Seth has voiced relief regarding the successful transit of the Indian LPG tanker Green Sanvi through the Strait of Hormuz. She...
Prime Minister Narendra Modi has expressed strong confidence that the BJP-led National Democratic Alliance (NDA) will secure victory in the upcoming Kerala elections. During...
Indian Railways has seen remarkable growth in the fiscal year 2025-26, showcasing a comprehensive advancement in freight and passenger services. The organisation reported record...