“स्माइल आप पर अच्छी लगती है कोच साहब” टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद धोनी से अख्तर तक सब हुए गौतम गंभीर के मुरीद

The CSR Journal Magazine
भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। इस जीत के बाद टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की रणनीति और सोच की हर तरफ तारीफ हो रही है। महेंद्र सिंह धोनी से लेकर पाकिस्तान के शोएब अख्तर तक कई क्रिकेट दिग्गजों ने गंभीर की कोचिंग शैली और टीम कल्चर की सराहना की है।

न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत, भारत बना लगातार दूसरी बार चैंपियन

टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप लगातार दूसरी बार जीतने वाली टीम बन गया। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर की रणनीति को इस सफलता का बड़ा कारण माना जा रहा है। खिलाड़ियों ने भी दबाव के मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया।

धोनी का खास संदेश – “कोच साहब स्माइल आप पर अच्छी लगती है”

भारत की जीत के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर गौतम गंभीर के लिए खास संदेश लिखा। उन्होंने कहा,  “कोच साहब स्माइल आप पर अच्छी लगती है। गंभीरता और स्माइल का ये किलर कॉम्बिनेशन है। बहुत बढ़िया, लुत्फ उठाइए दोस्तों।” धोनी और गंभीर के रिश्ते को लेकर भारतीय क्रिकेट में अक्सर चर्चा होती रही है। 2011 वर्ल्ड कप के दौरान दोनों टीम के अहम खिलाड़ी थे। उस फाइनल में धोनी ने विजयी छक्का लगाया था जबकि गंभीर ने 97 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। गंभीर कई बार यह भी कह चुके हैं कि किसी भी जीत का श्रेय सिर्फ एक खिलाड़ी को नहीं दिया जाना चाहिए, बल्कि पूरी टीम को मिलना चाहिए।

गंभीर की फिलॉसफी “माइलस्टोन नहीं, ट्रॉफी मायने रखती है”

टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“ये सिर्फ भगवान की योजना नहीं थी, ये 140 करोड़ लोगों का प्लान था। हर खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियन है।” गंभीर हमेशा से टीम कल्चर पर जोर देते रहे हैं। उनका मानना है कि व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की जीत महत्वपूर्ण होती है। पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा,
“मेरी फिलॉसफी बहुत सिंपल है। माइलस्टोन मायने नहीं रखते, ट्रॉफी मायने रखती है।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय क्रिकेट में लंबे समय तक व्यक्तिगत रिकॉर्ड और उपलब्धियों की ज्यादा चर्चा होती रही है, लेकिन उनकी कोशिश है कि टीम का ध्यान सिर्फ जीत पर रहे।

खिलाड़ियों पर भरोसा बना गंभीर की ताकत

गौतम गंभीर की कोचिंग का सबसे बड़ा पहलू खिलाड़ियों पर भरोसा जताना रहा है। कई बार उनकी रणनीतियों की आलोचना हुई, लेकिन इस वर्ल्ड कप में वही फैसले मास्टरस्ट्रोक साबित हुए। ऑलराउंडर और लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन पर उनका जोर पहले आलोचना का कारण बना था, लेकिन हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों ने अहम मौकों पर टीम के लिए योगदान दिया। अभिषेक शर्मा पूरे टूर्नामेंट में शुरुआती मैचों में फ्लॉप रहे थे, लेकिन गंभीर ने उन्हें टीम से बाहर नहीं किया। फाइनल में अभिषेक ने सिर्फ 21 गेंदों पर 52 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। संजू सैमसन को भी लगातार मौके देने का फैसला सही साबित हुआ। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा,
“उनकी पॉलिसी जीत गई, उनका सिस्टम जीत गया। उन्होंने नाकामी के बाद भी खिलाड़ियों को ड्रॉप नहीं किया और मेरिट के आधार पर फैसले लिए।”

आलोचनाओं के बीच बना सफलता का रास्ता

गौतम गंभीर का टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में सफर आसान नहीं रहा। 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत को 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। उसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी टीम को 1-3 से हार मिली। इसके अलावा श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भी भारत को हार झेलनी पड़ी। इन नतीजों के बाद गंभीर के फैसलों और उनकी कोचिंग शैली की काफी आलोचना हुई। कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने तो यहां तक कहा कि गंभीर को प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूर रहना चाहिए। लेकिन टी-20 क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा और टीम ने एशिया कप भी अपने नाम किया। वर्ल्ड कप जीत के बाद गंभीर ने राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को भी श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि इन दोनों ने टीम की सफलता के लिए मजबूत आधार तैयार किया था।

गंभीर ने जीत के बाद कहा,
“हमें हारने का डर छोड़ना पड़ेगा। हमारी सबसे बड़ी पहचान बहादुरी रही है।”

टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद अब गौतम गंभीर की कोचिंग और उनकी सोच को भारतीय क्रिकेट की नई ताकत माना जा रहा है। सफलता ने आलोचनाओं को पीछे छोड़ दिया है और फिलहाल हर तरफ कोच गंभीर की चर्चा हो रही है।

Latest News

Popular Videos