उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और बढ़ती गर्मी से राहत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ के तहत राज्यभर में सड़कों के किनारे 2 करोड़ (20 मिलियन) से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान में वन विभाग के साथ लोक निर्माण, आवास, नगर विकास, पंचायती राज और ग्रामीण विकास समेत कई विभाग मिलकर काम करेंगे।
11,325 हेक्टेयर क्षेत्र में होगा पौधरोपण
मिशन छाया के तहत राज्य के 2,336 स्थानों पर करीब 11,325 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर छायादार एवं फलदार पेड़ लगाकर पर्यावरण को बेहतर बनाना और हीटवेव के असर को कम करना है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर लगेंगे 5.5 लाख पौधे, पौधों की सुरक्षा का भी इंतजाम
इस बार विशेष फोकस 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर रहेगा। यहां दोनों ओर 5.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। हर एक किलोमीटर पर हरिशंकरी (पीपल, बरगद और पाकड़) के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा नीम, जामुन, महुआ, आम, अर्जुन, अमलतास, कचनार, गुलमोहर और अन्य प्रजातियों के पौधे भी लगाए जाएंगे। वन विभाग ने बताया कि पौधों की बेहतर सुरक्षा और जीवित रहने की दर बढ़ाने के लिए वायर फेंसिंग और ड्रिप सिंचाई की व्यवस्था भी की जाएगी।
इन प्रमुख मार्गों पर चलेगा अभियान
पौधरोपण अभियान गंगा एक्सप्रेस वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे सहित राज्य के प्रमुख राष्ट्रीय और ग्रामीण मार्गों पर चलाया जाएगा। मुख्य वन संरक्षक (प्रचार एवं जनसंपर्क) अदिति शर्मा ने कहा कि यह अभियान उत्तर प्रदेश को अधिक हरित बनाने के साथ-साथ लोगों को गर्मी से राहत देने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!