app-store-logo
play-store-logo
March 7, 2026

नागौर में दर्दनाक हादसा मां ने तीन बच्चों संग टांके में लगाई छलांग, तीनों की मौत महिला की हालत गंभीर

The CSR Journal Magazine
राजस्थान के नागौर जिले के बसवानी गांव में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ पानी से भरे टांके में कूद गई। हादसे में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।

घर के पास बने टांके में कूदी महिला

नागौर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बसवानी गांव में शुक्रवार शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां रहने वाली मंजू नाम की एक विवाहिता अपने तीन छोटे बच्चों को साथ लेकर घर के पास बने पानी से भरे टांके में कूद गई। टांके में गिरने से तीनों बच्चों की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को टांके से बाहर निकाला और तुरंत नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। मृत बच्चों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

तीन साल का बेटा और पांच साल की जुड़वा बेटियां थीं

पुलिस के अनुसार महिला मंजू अपने तीन साल के बेटे रुद्र और पांच साल की दो जुड़वा बेटियों को साथ लेकर टांके में कूदी थी। तीनों बच्चे पानी में डूब गए और उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई है। बच्चों की मौत से गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

घटना के समय घर पर कोई नहीं था

नागौर के डीएसपी धरम पूनिया के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला का पति रामप्रसाद कोटा में ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है और उस समय घर पर मौजूद नहीं था। घटना के समय महिला के सास-ससुर खेत में काम करने गए हुए थे। परिवार में एक देवर भी है, जो हैदराबाद में रहता है। घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं होने के कारण यह घटना कब और कैसे हुई, इसकी जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी।

बच्चों की दादी भी हुई बेहोश

घटना के बाद जब बच्चों की दादी घर लौटीं और चारों को टांके में गिरा देखा तो वह सदमे में आकर बेहोश हो गईं। परिवार और ग्रामीणों ने उन्हें भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग बच्चों की असमय मौत से बेहद दुखी हैं।

Latest News

Popular Videos