गर्मियों की शुरुआत के साथ ही शरीर में पानी की कमी, थकान और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ने लगती है। ऐसे में नारियल पानी एक प्राकृतिक और पोषक पेय के रूप में बेहतरीन विकल्प साबित होता है। इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स और मिनरल्स शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी देते हैं। हालांकि, कुछ लोगों को इसका सेवन सावधानी से करना चाहिए। आइए जानते हैं नारियल पानी पीने का सही समय, फायदे और किन लोगों को इससे परहेज करना चाहिए।
गर्मियों में क्यों जरूरी है नारियल पानी?
गर्मी के मौसम में पसीना अधिक आता है, जिससे शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। ऐसे में नारियल पानी एक नेचुरल हाइड्रेशन ड्रिंक की तरह काम करता है। इसमें पोटैशियम, कैल्शियम, आयरन, मैंगनीज, अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाता है, बल्कि एनर्जी लेवल को भी बनाए रखने में मदद करता है। बाजार में मिलने वाले शुगरयुक्त ड्रिंक्स की तुलना में नारियल पानी ज्यादा हेल्दी और सुरक्षित विकल्प माना जाता है।
नारियल पानी पीने का सही समय और मात्रा
विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह खाली पेट नारियल पानी पीना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे शरीर को दिनभर के लिए जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। रोजाना 1 से 2 नारियल पानी पर्याप्त माने जाते हैं। अधिक मात्रा में सेवन करने से पोटैशियम लेवल बढ़ सकता है, इसलिए संतुलन जरूरी है। र्कआउट के बाद या धूप से लौटने के बाद भी नारियल पानी पीना फायदेमंद होता है, क्योंकि यह तुरंत शरीर को रीहाइड्रेट करता है।
पेट, दिल और स्किन के लिए फायदेमंद
जिन लोगों को गैस, एसिडिटी या पेट में जलन की समस्या रहती है, उनके लिए नारियल पानी राहत देने वाला पेय है। यह पाचन तंत्र को शांत करता है और एसिड बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है।
दिल के लिए
नारियल पानी में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में सहायक होता है। यह खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद कर सकता है, जिससे हृदय स्वस्थ रहता है।
त्वचा के लिए एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर नारियल पानी त्वचा को अंदर से हाइड्रेट रखता है। इसे पीने के साथ-साथ चेहरे पर लगाने से मुंहासे, रैशेज और खुजली जैसी समस्याओं में भी राहत मिल सकती है।
इम्यूनिटी और पानी की कमी दूर करने में मददगार
नियमित रूप से नारियल पानी पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को संक्रमण से लड़ने की ताकत देते हैं। डिहाइड्रेशन की स्थिति में यह एक प्राकृतिक ओरल रिहाइड्रेशन ड्रिंक की तरह काम करता है। खासकर गर्मियों में लू और थकावट से बचाव के लिए यह बेहद उपयोगी है। इसके अलावा, यह शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में भी मदद करता है, जिससे किडनी और लीवर की कार्यक्षमता बेहतर बनी रहती है।
इन 5 लोगों को नहीं पीना चाहिए नारियल पानी
फायदों के बावजूद कुछ लोगों को नारियल पानी का सेवन सावधानी से करना चाहिए
(1) किडनी रोगी
नारियल पानी में पोटैशियम की मात्रा अधिक होती है। किडनी की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए यह हानिकारक हो सकता है, क्योंकि उनके शरीर में अतिरिक्त पोटैशियम जमा हो सकता है, जिससे हृदय गति प्रभावित हो सकती है।
(2) लो ब्लड प्रेशर वाले लोग
यह ब्लड प्रेशर को कम करता है। जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले से कम रहता है, उन्हें इसे डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं पीना चाहिए।
(3) सर्जरी से पहले या बाद में
सर्जरी से कम से कम दो सप्ताह पहले और बाद में नारियल पानी से बचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकता है।
(4) नारियल से एलर्जी वाले लोग
अगर किसी को नारियल या उसके उत्पादों से एलर्जी है, तो नारियल पानी पीने से रैशेज, सूजन या सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।
(5) डायरिया या पाचन समस्या वाले लोग
नारियल पानी में हल्के लैक्सेटिव गुण होते हैं। डायरिया या इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम से पीड़ित लोगों को इसका सेवन सोच-समझकर करना चाहिए।
नारियल पानी गर्मियों में सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सही समय और संतुलित मात्रा में इसका सेवन शरीर को हाइड्रेट रखने, इम्यूनिटी बढ़ाने और कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में मदद करता है।
हालांकि, यदि आप किसी विशेष बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

