गुरुग्राम में बनेगी सबसे ऊंची इमारत, बुर्ज खलीफा से बस 100 मीटर कम

The CSR Journal Magazine
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का शहर गुरुग्राम अब सिर्फ कारोबारी गतिविधियों के लिए नहीं, बल्कि इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी दुबई के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। यहां देश की सबसे ऊंची इमारत बनाने की योजना तैयार की जा रही है। यह इमारत 620 से 700 मीटर ऊंची होगी और 6.7 एकड़ में फैली होगी। दिलचस्प बात यह है कि यह इमारत दुबई के बुर्ज खलीफा से महज 100 मीटर छोटी होगी।

ग्लोबल सिटी का सपना

गुरुग्राम की ग्लोबल सिटी में कई बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनमें से एक प्रोजेक्ट देश की सबसे ऊंची इमारत का निर्माण है। इस इमारत की ऊंचाई लगभग 700 मीटर होगी, जबकि बुर्ज खलीफा की ऊंचाई 828 मीटर है। इस लिहाज से, गुरुग्राम की यह बिल्डिंग बुर्ज खलीफा से केवल 128 मीटर कम होगी। यह प्रोजेक्ट द्वारका एक्सप्रेसवे के पास और गुरुग्राम के सेक्टर 36, 36B, 37 और 37B में बनाया जाएगा।

मुंबई का रिकॉर्ड टूटेगा

गुरुग्राम में बनने वाली यह इमारत देश की सबसे ऊंची होगी। वर्तमान में, मुंबई की रॉयल पैलेस इमारत 320 मीटर ऊंची है और यह देश की सबसे ऊंची इमारत मानी जाती है। लेकिन अब गुरुग्राम में इससे दोगुनी ऊंची इमारत का निर्माण होने जा रहा है। नोएडा में भी सुपरनोवा नाम की एक इमारत है, जिसकी ऊंचाई लगभग 300 मीटर है।

लक्सरी और सुविधाएं

गुरुग्राम में बनने वाली यह इमारत केवल ऊंचाई में ही नहीं, बल्कि लग्जरी में भी बेहतरीन होगी। इसमें प्रीमियम अपार्टमेंट्स, कंपनियों के मुख्यालय, होटल और शॉपिंग सेंटर शामिल होंगे। इस बड़े प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य वैश्विक निवेश को आकर्षित करना और शहर को एक विश्वस्तरीय व्यापार केंद्र में बदलना है।

5 लाख की भीड़ संभालने की क्षमता

इस इमारत का डिजाइन भी अत्याधुनिक होगा। इसमें रोजाना 5.2 लाख विजिटर्स को संभालने की क्षमता होगी। इसमें दुकानें, ऑफिस और शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी होंगे। हरियाणा विकास प्राधिकरण ने जल्द ही इसके लिए भूमि अधिग्रहण शुरू करने का ऐलान किया है, जिसे प्राइवेट बिल्डर को प्रोजेक्ट बनाने के लिए सौंपा जाएगा। इस शहर का डिजाइन सिंगापुर, टोक्यो और दुबई की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है।

10 लाख करोड़ का निवेश

इस इमारत की निर्माण लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। लेकिन यहां ट्रेड पार्क विकसित होने के बाद करीब 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है। इससे लगभग 5 लाख नौकरियां भी पैदा होंगी। गुरुग्राम में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी से एयरपोर्ट और अन्य जरूरी सुविधाएं केवल 15 मिनट की दूरी पर होंगी।

स्मार्ट सिटी का निर्माण

इस शहर में सभी केबल और तारों को जमीन के नीचे ही रखा जाएगा, ताकि शहर को साफ-सुथरा रखा जा सके। इसके अलावा, शहर के नीचे 10.50 किलोमीटर की एक टनल भी बनाई जाएगी। इस मास्टर प्लान को तैयार करने में लगभग 15 साल का समय लगेगा।

हरियाली का ध्यान

इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें हरियाली का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कुल जमीन का 56 प्रतिशत हिस्सा हरियाली के लिए रखा जाएगा, जिसमें पेड़ और पार्क शामिल होंगे। सभी छतों पर सोलर एनर्जी, स्मार्ट मीटर और एक बड़ी साफ पानी की झील बनाई जाएगी। इससे पूरे शहर का तापमान गर्मियों में अन्य जगहों से 5 डिग्री कम रहेगा।

विदेशी निवेश का अवसर

इससे पूरे इलाके की मार्केट वैल्यू बढ़ेगी और यहां 200 से ज्यादा विदेशी कंपनियों के निवेश करने का मौका बनेगा। गुरुग्राम में बनने वाली यह इमारत न केवल भारत की, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनाने जा रही है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos