Mumbai SRA Flat Scam: एसआरए ने पात्र की जगह अपात्रों को बांटे घर, एकनाथ शिंदे ने किया अधिकारियों को निलंबित

The CSR Journal Magazine
Mumbai SRA Flat Scam: जोगेश्वरी और गोरेगांव इलाके में SRA (Slum Rehabilitation Authority) के मकानों के आवंटन में पात्र लाभार्थियों को नजरअंदाज कर अपात्र लोगों को सदनिका दिए जाने की शिकायतों को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ओशिवरा विलेज SRA प्रोजेक्ट में अपात्र लोगों को घर आवंटित किए जाने के मामले में दोषी पाए गए SRA के सक्षम प्राधिकारी और सहायक निबंधक, दोनों अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। Mumbai SRA Flat Scam

पात्रों को दरकिनार कर अपात्रों को घर देने की शिकायत

उत्तर-पश्चिम लोकसभा क्षेत्र की लंबित नागरिक समस्याओं, पुनर्विकास परियोजनाओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सांसद रविंद्र वायकर ने अपने क्षेत्र के विभिन्न SRA Projects को लेकर शिकायतें और समस्याएं सामने रखीं। भगतसिंह नगर-1, 2 और 3, दुर्गानगर, कोयना वसाहत, मेघवाड़ी, सर्वोदय सोसायटी और ओशिवरा विलेज के SRA प्रोजेक्ट में आवंटन से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा हुई। खास तौर पर पात्र लाभार्थियों को मकान नहीं मिलने और कथित तौर पर फर्जी या अपात्र लोगों को सदनिका दिए जाने के मामले को गंभीरता से लिया गया। उपमुख्यमंत्री ने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन SRA प्रोजेक्ट में मकानों का आवंटन हो चुका है लेकिन उनके खिलाफ शिकायतें हैं, उन सभी मामलों की समीक्षा कर व्यापक रिपोर्ट पेश करने को कहा।

PTC इमारतों की बिक्री के मामले में भी जांच

बैठक में स्थायी संक्रमण शिविर यानी Permanent Transit Camp (PTC) की दो इमारतों का मुद्दा भी सामने आया। बताया गया कि इन इमारतों को विकासकों द्वारा SRA को हस्तांतरित किया जाना था, लेकिन कथित तौर पर उन्हें आपस में बेच दिया गया। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने इस मामले को भी गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की तह तक जाकर जिम्मेदारी तय करने को कहा। Mumbai SRA Flat Scam

Mumbai SRA Flat Scam: मेट्रो स्टेशन का नाम होगा ‘हरे रामा हरे कृष्णा’

समीक्षा बैठक में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और परिवहन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। मेट्रो लाइन-2B के पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर से जुड़े एक स्टेशन का नाम ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ रखने के प्रस्ताव को उपमुख्यमंत्री ने मंजूरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाए।

जोगेश्वरी गुफाओं के विकास के लिए सरकार देगी फंड

जोगेश्वरी गुफाओं के पर्यटन की दृष्टि से समग्र विकास का मुद्दा भी बैठक में उठा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जोगेश्वरी गुफाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक निधि राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। इससे इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की दिशा में रास्ता साफ होगा।

SRA के कोर्ट मामलों के लिए बनेगी विशेषज्ञ टीम

SRA से जुड़े न्यायालय में लंबित मामलों को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सरकार और प्राधिकरण की ओर से मजबूत पैरवी के लिए सक्षम कानूनी विशेषज्ञों की टीम तैयार की जाए, ताकि न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जा सके। इसके अलावा Force One मुख्यालय के लिए प्रस्तावित जमीन का सातबारा अलग करने में MHADA से सहयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

आप्पा पाड़ा में नागरिक सुविधाओं पर भी जोर

आरे कॉलोनी के आप्पा पाड़ा इलाके में रहने वाले नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने मुंबई महानगरपालिका, वन विभाग और आदिवासी विकास आयुक्तालय के अधिकारियों को इलाके का दौरा कर स्थानीय समस्याओं को समझने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वय से काम करने को कहा।

Metro-6 प्रभावित छह परिवारों को मिली घर की चाबी

सर्वोदयनगर में Metro Line-6 परियोजना से प्रभावित निवासियों के पुनर्वास के तहत सदनिकाओं का आवंटन किया जा रहा है। इसी क्रम में छह लाभार्थियों को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रतीकात्मक रूप से सदनिकाओं की चाबियां सौंपीं। बैठक में अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, प्रधान सचिव नवीन सोना, SRA के प्रबंध निदेशक महेंद्र कल्याणकर, MHADA के प्रबंध निदेशक मिलिंद बोरीकर, मुंबई महानगरपालिका के मुख्य अभियंता और सहायक आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद रविंद्र वायकर और विधान परिषद उपसभापति सचिन अहीर भी बैठक में शामिल हुए।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos