एचपीसीएल का बयान सीमित दायरे में रही आग, सभी यूनिट सुरक्षित
एचपीसीएल ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि पचपदरा रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) सेक्शन में आग लगी थी। प्रारंभिक जांच में हीट एक्सचेंजर सर्किट के एक वाल्व फ्लैंज से हाइड्रोकार्बन रिसाव को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। कंपनी के अनुसार, आग केवल हीट एक्सचेंजर स्टैक तक सीमित रही और समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। सुरक्षा के लिहाज से CDU, VDU सहित अन्य यूनिट्स को तुरंत अलग कर दिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका। एचपीसीएल ने आश्वस्त किया है कि रिफाइनरी की सभी इकाइयां संरचनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और अन्य हिस्सों पर इस घटना का कोई असर नहीं पड़ा है।
जांच के आदेश विशेषज्ञ टीम करेगी कारणों का आकलन
घटना के कारणों को लेकर अभी अंतिम पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। एचपीसीएल ने कहा है कि आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम इस घटना की विस्तृत जांच करेगी। यह टीम न केवल आग लगने के सटीक कारणों की पहचान करेगी, बल्कि यह भी आकलन करेगी कि रिफाइनरी के उपकरणों और संचालन पर इसका क्या प्रभाव पड़ा है। सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी इस जांच का अहम हिस्सा होगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
सीएम भजनलाल का दौरा मौके पर लेंगे हालात का जायजा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन से बातचीत कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। नई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आज बाड़मेर दौरे पर रहेंगे और सुबह 11 बजे जयपुर से रवाना होकर करीब 12:35 बजे पचपदरा रिफाइनरी पहुंचेंगे। वहां वे क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आगजनी स्थल का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से सीधे स्थिति की समीक्षा करेंगे। सीएम ने कहा है कि फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।