घटती आबादी पर चंद्रबाबू नायडू की चिंता, बोले- बच्चे नहीं होंगे तो मशीनों की सेवा करनी पड़ेगी

The CSR Journal Magazine
अमरावती: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में घटती प्रजनन दर को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए कहा कि परिवार में बच्चों को बोझ समझने की सोच बदलने की जरूरत है। नायडू ने कहा कि बच्चे किसी परिवार के लिए बोझ नहीं, बल्कि उसकी संपत्ति हैं। कोनासीमा में आयोजित एक रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय जब देश की आबादी तेजी से बढ़ रही थी, तब उन्होंने भी जनसंख्या नियंत्रण के उपायों का समर्थन किया था। हालांकि, अब परिस्थितियां बदल गई हैं और उनकी सोच भी बदल चुकी है। नायडू के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में प्रजनन दर घटकर करीब 1.5 रह गई है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 2.1 है। उन्होंने कहा कि राज्य में आबादी तेजी से कम हो रही है और दुनिया के कई देशों को भी घटती जनसंख्या के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अब आबादी बढ़ाने की जरूरत है।

युवाओं के बीच बच्चों की परवरिश को लेकर बढ़ी चिंता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कई युवा कम बच्चे पैदा करने का फैसला कर रहे हैं। कुछ लोग बच्चों की परवरिश को मुश्किल और खर्चीला मानते हैं, जबकि कई परिवार बच्चे पैदा ही नहीं करने का निर्णय ले रहे हैं। नायडू ने चेतावनी दी कि अगर परिवारों में बच्चे नहीं होंगे तो भविष्य में इंसानों को मशीनों की सेवा करनी पड़ेगी। उनके मुताबिक, आबादी के लगातार बूढ़े होने से कामकाजी लोगों की संख्या प्रभावित हो सकती है, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश में लोगों की औसत उम्र 32.5 साल है, जबकि देश में यह औसत 28 साल है।

तीसरे और चौथे बच्चे पर आर्थिक प्रोत्साहन

घटती जन्म दर को देखते हुए आंध्र प्रदेश की एनडीए सरकार ने ज्यादा बच्चे पैदा करने को प्रोत्साहित करने के लिए कई घोषणाएं की हैं। सरकार की ओर से तीसरे बच्चे के लिए 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के लिए 40 हजार रुपये देने की बात कही गई है। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सत्य कुमार यादव भी पहले घटती जनसंख्या दर को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में 14 साल से कम उम्र के बच्चों की आबादी 2011 में करीब 25 प्रतिशत थी, जो 2036 तक घटकर 15 प्रतिशत रह सकती है। वहीं, 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों की संख्या इसी अवधि में करीब दोगुनी होकर 10 प्रतिशत से बढ़कर 19 प्रतिशत होने का अनुमान है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos