Adani Hospital in Bengal: बंगाल में अदाणी ने रखी 2000 बेड के आरोग्य मंदिर की नींव, 2035 तक ₹1 लाख करोड़ निवेश का ऐलान

The CSR Journal Magazine
Adani Hospital in Bengal: पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य और औद्योगिक निवेश को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। कोलकाता के न्यू टाउन में अदाणी ग्रुप के प्रस्तावित 2,000 बेड वाले अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखी गई। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने परियोजना का शिलान्यास किया। इसी मौके पर गौतम अदाणी ने 2035 तक पश्चिम बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की योजना का ऐलान किया।

Adani Hospital in Bengal: अस्पताल ही नहीं, पूरा मेडिकल हब होगा

51.75 एकड़ में विकसित होने वाला अदाणी आरोग्य मंदिर सिर्फ एक अस्पताल तक सीमित नहीं रहेगा। इसे मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग संस्थान, पैरामेडिकल शिक्षा और अत्याधुनिक चिकित्सा अनुसंधान से जुड़े एक बड़े स्वास्थ्य परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना पर 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश किया जाएगा। इसके जरिए सालाना बड़ी संख्या में मरीजों को इलाज की सुविधा देने के साथ पूर्वी भारत के लिए एक प्रमुख चिकित्सा और शैक्षणिक केंद्र तैयार करने की योजना है। परियोजना से 10,000 से ज्यादा रोजगार पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।

2,000 बेड में 1,000 कमजोर वर्गों के लिए

गौतम अदाणी के मुताबिक, प्रस्तावित 2,000 बेड वाले गैर-लाभकारी चिकित्सा संस्थान में 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मरीजों के लिए रखे जाएंगे। इन मरीजों को राज्य और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत इलाज उपलब्ध कराने की योजना है। अस्पताल में शुरुआत में कैंसर उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही स्टेप-डाउन और ट्रांजिशनल केयर की सुविधा, मरीजों के परिजनों के लिए मेडिटेल और विश्राम गृह जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।

Adani Hospital in Bengal: डॉक्टरों से लेकर रिसर्च तक एक ही कैंपस

अदाणी आरोग्य मंदिर परिसर में मेडिकल कॉलेज भी प्रस्तावित है। यहां हर साल 150 स्नातक, 100 से अधिक स्नातकोत्तर और 40 से अधिक सुपर-स्पेशियलिटी डॉक्टरों को प्रशिक्षण देने की योजना है। नर्सिंग, एलाइड हेल्थकेयर और पैरामेडिकल शिक्षा के लिए भी संस्थान विकसित किए जाएंगे। इसका एक बड़ा हिस्सा मेडिकल रिसर्च पर केंद्रित होगा। जीनोमिक्स, प्रिसीजन मेडिसिन, बायोमेडिकल इंफॉर्मेटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लिनिकल ट्रायल और मॉलिक्यूलर साइंस जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान को बढ़ावा देने की योजना है। फाउंडेशन के अनुसार, अदाणी फाउंडेशन ने अमेरिका की Mayo Clinic Global Consulting और सिंगापुर की SingHealth के साथ साझेदारी की है। इन साझेदारियों के जरिए चिकित्सा शिक्षा, क्लिनिकल केयर, डिजिटल हेल्थ, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मेडिकल स्टाफ के प्रशिक्षण में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता लाने की योजना है।

2035 तक बंगाल में ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश

अदाणी ग्रुप के लिए यह परियोजना सिर्फ स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं है। गौतम अदाणी ने पश्चिम बंगाल में वर्ष 2035 तक 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की योजना की घोषणा की है। यह निवेश पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, बिजली उत्पादन, बिजली ट्रांसमिशन और वितरण, सड़क एवं पुल, रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में प्रस्तावित है। इस निवेश योजना को पश्चिम बंगाल में समूह के व्यापक औद्योगिक विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।

कुमारटुली घाट और राइटर्स बिल्डिंग पर भी पहल

अदाणी ग्रुप ने पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश के साथ सांस्कृतिक और विरासत से जुड़ी परियोजनाओं में सहयोग की भी घोषणा की है। इनमें ऐतिहासिक कुमारटुली घाट के पुनर्विकास और राइटर्स बिल्डिंग के संरक्षण एवं पुनरुद्धार से जुड़ी पहल शामिल हैं। इसके अलावा अदाणी पूजो प्रीव्यू के माध्यम से कोलकाता की दुर्गा पूजा की कला और संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की योजना भी बताई गई है। इन पहलों में पूजा आयोजकों, कलाकारों, कारीगरों और इससे जुड़े सेवा क्षेत्र को सहयोग देने की बात कही गई है।

अदाणी फाउंडेशन की सामाजिक पहल

अदाणी फाउंडेशन के मुताबिक, 1996 से चल रहा फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, स्थायी आजीविका, जलवायु संरक्षण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में काम करता है। वर्तमान में फाउंडेशन 22 राज्यों के 7,247 गांवों में सक्रिय है और उसके कार्यक्रमों से 1.33 करोड़ लोगों के प्रभावित होने का दावा किया गया है। अदाणी आरोग्य मंदिर परियोजना के जरिए समूह अब पूर्वी भारत में स्वास्थ्य सेवा, मेडिकल शिक्षा और रिसर्च को एक ही परिसर में जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/ app/newspin/id6746449540
Google Play Store – https://play.google.com/store/ apps/details?id=com. inventifweb.newspin& pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos