फंड की कमी से चिंतित NCP विधायकों ने उठाई आवाज, कहा- जितने वोट मिले उतने से हारेंगे

The CSR Journal Magazine
महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार द्वारा देवगिरि बंगले पर बुलाई गई विधायकों की बैठक में क्षेत्र के विकास के लिए फंड न मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायकों ने स्पष्ट किया कि अगर उन्हें फंड नहीं मिला, तो वे 2029 में उतने ही वोटों से हार सकते हैं, जितने वोटों से 2024 में जीते थे।

सत्ता में होते हुए भी काम न होने की शिकायत

सूत्रों के अनुसार, विधायकों ने कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में है, फिर भी सरकार से कोई काम नहीं हो रहा है। कुछ विधायकों ने यह भी शिकायत की कि दूसरे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे एनसीपी विधायकों का कोई काम नहीं कर रहे हैं। नासिक जिले की एक महिला विधायक ने कहा कि नासिक कुंभ मेले के लिए कई काम चल रहे हैं, लेकिन बीजेपी के मंत्री और नेता एनसीपी को नजरअंदाज कर रहे हैं।

सुनेत्रा पवार की बैठक का उद्देश्य, विधायकों की चिंता

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मंगलवार रात विधायकों की बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया कि कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। केवल शिकायतें और सुझाव होने चाहिए। इसके बाद सभी विधायकों ने अपनी समस्याएं सुनेत्रा पवार को बताई। एक अन्य विधायक ने अफसोस जताया कि अगर इसी तरह फंड नहीं मिला, तो वह अगला चुनाव उतने ही वोटों से हार सकता है, जितने वोटों से वह चुना गया था। विधायकों ने सतारा में बीजेपी के तानाशाही रवैये की भी शिकायत की। उन्होंने बताया कि कैसे जिला परिषद चुनाव में उन्हें परेशान किया गया।

जनता दरबार की योजना, संचार में सुधार की आवश्यकता

बैठक के बाद वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने माना कि विधायकों ने फंड न मिलने की शिकायत की है। बैठक में यह तय हुआ कि पार्टी ऑफिस में फिर से जनता दरबार शुरू किया जाएगा। विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ हर सप्ताह बैठक होगी। पार्टी के सभी नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए नियमित संवाद किया जाएगा। विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाएगा और फंड के लिए अन्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार मंत्रिमंडल की बैठक में बात रखेंगी।

कोर कमेटी की बैठक, नेतृत्व में बदलाव

एनसीपी की देर रात तक चली विधायकों की बैठक के बाद बुधवार को सुबह सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई। इसको लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि एनसीपी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेश पटेल ने कहा कि पार्टी में कोई विवाद नहीं है। वरिष्ठ नेताओं और युवा नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय है। बैठक में तय हुआ कि जीशान सिद्दीकी मुंबई अध्यक्ष और उमेश पाटील मुख्य प्रवक्ता बने रहेंगे। पार्थ पवार ने इन दोनों के अगले 6 महीने के कामकाज पर नजर रखने की बात कही। साथ ही पार्थ पवार ने यह भरोसा भी दिया कि भविष्य में पार्टी के बड़े फैसले कोर कमेटी से चर्चा के बाद ही लिए जाएंगे।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos