app-store-logo
play-store-logo
February 4, 2026

UP के उन्नाव में VIP मूवमेंट के लिए 19 नए हेलीपैड, 15 के लिए जमीन हो गई तय – जानिए कहां और कितने खर्च होंगे?

The CSR Journal Magazine
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में वीआईपी आवागमन को आसान बनाने के लिए 19 स्थायी हेलीपैड बनाए जाने हैं। जिला प्रशासन ने 15 हेलीपैड के लिए भूमि का बंदोबस्त कर लिया है, जबकि शेष चार के लिए प्रक्रिया अभी जारी है। प्रत्येक हेलीपैड का निर्माण लगभग 40 लाख रुपये की लागत से होगा।

अस्थायी हेलीपैड का समय हुआ खत्म

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि अब अस्थायी हेलीपैड बनाकर उन्हें बार-बार हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे सरकारी धन की बर्बादी भी रोकी जा सकेगी। पहले वीआईपी आने पर अस्थायी हेलीपैड बनाए जाते थे, जो एक बार उपयोग के बाद बेकार हो जाते थे।

प्रमुख स्थलों पर जमीन का प्रबंध

जिला प्रशासन ने प्रमुख तहसीलों और ब्लॉकों में हेलीपैड के लिए जमीन चिन्हित की है। इनमें सदर तहसील के चौरा ग्राम पंचायत, सिकंदरपुर करण के कडेर पतारी, बीघापुर के मगरायर ग्राम पंचायत, सुमेरपुर का आकमपुर बिहार, बिछिया का खोरी बिछिया, पुरवा का कल्याणपुर मिर्रीकला, हिलौली का रसूलपुर, असोहा का कंदरपुर, बांगरमऊ का नसीरपुर भिख्खन, सफीपुर का देवगांव, हसनगंज का सलेमपुर, फतेहपुर चौरासी का दोस्तपुर शिवली, गंजमुरादाबाद का फतेहपुर खालसा, मियागंज सरंबा और नवाबगंज ग्राम पछियाव शामिल हैं।

औरास ब्लॉक में अभी नहीं हुई जमीन की व्यवस्था

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल औरास ब्लॉक में भूमि का प्रबंध नहीं हो पाया है। बाकी चार हेलीपैड के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।

हेलीपैड की दूरी और आकार

सभी हेलीपैड तहसील मुख्यालयों से न्यूनतम 2 किलोमीटर से लेकर अधिकतम 21 किलोमीटर की दूरी पर चयनित किए गए हैं। उदाहरण के लिए सुमेरपुर का आकमपुर बिहार, पुरवा का कंदरपुर और बिछिया का खोरी बिछिया 17 से 21 किलोमीटर दूरी पर हैं। ब्लॉक स्तर से हेलीपैड की दूरी 2 से 10 किलोमीटर तक है। हेलीपैड का आकार लगभग 70×70 मीटर (490 वर्ग मीटर) होगा, जबकि कुछ बड़े हेलीपैड 3000–3600 वर्ग मीटर में बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग 2500 वर्ग मीटर में सीसी हेलीपैड बनाएगा और बाकी जगह आरक्षित रखी जाएगी।

जिला मुख्यालय पर हेलीपैड

जिला मुख्यालय पर भी एक हेलीपैड बनाया जाएगा। यह मुख्यालय से केवल 2 किलोमीटर, तहसील से 6 किलोमीटर और ब्लॉक से 4 किलोमीटर दूर स्थित होगा।

एप्रोच रोड का निर्माण

जहां मुख्य मार्ग से हेलीपैड तक सड़क नहीं है, वहां अलग से एप्रोच रोड बनाए जाएंगे। कुछ हेलीपैड तक सड़क की दूरी 200 मीटर और कुछ तक 500 मीटर तक होगी। इसके लिए भी प्रशासन ने अलग प्रस्ताव तैयार किया है।

जल्द शुरू होगा निर्माण

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए 19 हेलीपैड चिन्हित करने के निर्देश दिए थे। अब भूमि का प्रबंध हो चुका है और शेष के लिए प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही हेलीपैड निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates
App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos