समुद्र के नीचे छाते से बचाई जा रही कोरल रीफ, वैज्ञानिकों का अनोखा प्रयोग

The CSR Journal Magazine
फ्लोरिडा: वैज्ञानिकों ने समुद्र के तापमान में वृद्धि से प्रभावित कोरल रीफ को बचाने के लिए एक अनोखा तरीका खोजा है। ग्लोबल वार्मिंग के कारण, समुद्र में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे प्रवाल भित्तियों को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। फ्लोरिडा के वैज्ञानिकों ने एक नई तकनीक का इस्तेमाल कर रिसर्च की है, जिसमें उन्होंने कोरल रीफ को धूप से बचाने के लिए समुद्र के नीचे छाते लगाएं हैं। यह प्रयोग कोरल रीफ को कुछ राहत देने के लिए किया गया है।

सूरज की तेज रोशनी से बचाव, छाता लगाने की पहल

वैज्ञानिकों का मानना है कि समुद्र के अंदर छाते लगाने से न केवल रीफ का तापमान नियंत्रित किया जा सकता है, बल्कि सूरज की तेज रोशनी भी कम हो सकती है। इस प्रक्रिया में, वैज्ञानिकों ने विशेष छाता जैसी संरचनाओं का निर्माण किया है, जो कोरल रीफ को करीब 60% तक धूप से बचाते हैं। इससे पानी का तापमान कम होगा और कोरल को गर्मी से बचाने में मदद मिलेगी।

छाता लगाकर सफल परीक्षण, कोरल की स्थिति में सुधार

2024 में फ्लोरिडा के पास किए गए एक सफल ट्रायल में, वैज्ञानिकों ने दो प्रकार के ब्रेन कोरल की कॉलोनियों पर यह अनोखी संरचनाएं लगाईं। परीक्षण के दौरान, जिन कॉलोनियों को छतरी के नीचे रखा गया, वे अन्य कोरल की तुलना में बेहतर स्थिति में रहीं। कुछ कोरल ने तो अपने पुराने रंग को फिर से प्राप्त कर लिया, जबकि जो खुले में थे, वे नष्ट हो गए। यह प्रयोग स्पष्ट करता है कि सही तकनीक से कोरल रीफ को पुनर्जीवित किया जा सकता है।

कोरल रीफ का मरना, कारण और प्रक्रिया

कोरल रीफ तब मरने लगते हैं जब पर्यावरण में बदलाव के कारण कोरल और उनकी टिश्यू में रहने वाले सूक्ष्म शैवाल के बीच संबंध बाधित हो जाता है। ये शैवाल कोरल को ऊर्जा प्रदान करते हैं और कोरल के रंग को बनाए रखने में भी सहायता करते हैं। जब पानी का तापमान अचानक बढ़ता है, तब कोरल इन शैवालों को बाहर निकाल देते हैं, जिससे उनके रंग का नुकसान और अंततः मरने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।

छतरियों का निर्माण, वैज्ञानिकों की मेहनत का नतीजा

इस प्रयोग को नोवा साउथईस्टर्न यूनिवर्सिटी के समुद्री जीवविज्ञानी करेन एल नीली और उनकी टीम ने किया। फ्लोरिडा कीज़ के न्यूफाउंड हार्बर में शोधकर्ताओं ने 10 कोरल कॉलोनियों पर 20 अस्थायी छाया संरचनाएं स्थापित कीं। इन संरचनाओं को समुद्र के तल से लगभग 30 सेंटीमीटर ऊपर लगाकर कोरल की सुरक्षा की गई। उनका मुख्य उद्देश्य समुद्र का तापमान ठंडा करना नहीं था, बल्कि कोरल तक आने वाली तीव्र सूर्यप्रकाश की मात्रा को कम करना था।
शोध से प्राप्त निष्कर्षों ने यह स्पष्ट किया कि छाया संरचनाओं ने आने वाले प्रकाश को लगभग 60% तक कम कर दिया है। इससे कोरल रीफ को गर्मी और तेज विकिरण से होने वाले नुकसान के खिलाफ सुरक्षा मिलती है। यह अनोखा प्रयोग निश्चित रूप से समुद्री जीवों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos