राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पदमपुरा गांव में घरेलू विवाद ने एक खुशहाल परिवार को कुछ ही घंटों में खत्म कर दिया।
पहले पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय भारती और उसके पति सचिन के बीच शनिवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। झगड़ा बढ़ने पर परिवार ने सचिन को वापस जयपुर भेज दिया, जहां वह मजदूरी करता था। लेकिन उसके जाने के कुछ समय बाद ही भारती ने अपने कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन उसे समझाने पहुंचे, तो उसका शव पंखे से लटका मिला।
पत्नी की मौत की खबर ने तोड़ दिया पति को
सचिन जब जयपुर जा रहा था, तभी उसे रास्ते में पत्नी की मौत की सूचना मिली। यह खबर उसके लिए इतना बड़ा सदमा साबित हुई कि उसने भी जीने की उम्मीद छोड़ दी। बताया जा रहा है कि वह करीब 60 किलोमीटर दूर नवलगढ़ पहुंचा और दुर्जनपुरा रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।
Instagram पर आखिरी संदेश
आत्महत्या से ठीक पहले सचिन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टेटस लगाया—“कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं” यह पोस्ट अब इस दर्दनाक प्रेम कहानी की आखिरी निशानी बन चुकी है।
दोनों परिवारों के आरोप-प्रत्यारोप
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।
-
सचिन के परिवार का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी।
-
वहीं, भारती के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को दहेज और पैसों के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारती एक गोल्ड मेडलिस्ट धावक थी और इतनी कमजोर नहीं थी कि खुदकुशी कर ले।

