app-store-logo
play-store-logo
March 4, 2026

होली पर आगरा में शराब की बरसात: सिर्फ 2 दिन में 37 करोड़ की रिकॉर्ड बिक्री

The CSR Journal Magazine
होली के जश्न के बीच आगरा में शराब की बिक्री ने इस बार सभी पुराने आंकड़े पीछे छोड़ दिए। रंगों के त्योहसे ठीक पहले महज दो दिनों में आबकारी विभाग के टीपी नगर स्थित गोदाम से 37 करोड़ रुपये की शराब की निकासी दर्ज की गई। यह आंकड़ा सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक है और इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि त्योहार को लेकर बाजार में कितनी हलचल रही।

दो दिन में 37 करोड़ की निकासी

आम तौर पर गोदाम से प्रतिदिन चार से साढ़े चार करोड़ रुपये की शराब की निकासी होती है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में भी यही औसत बना हुआ था। लेकिन एक मार्च को 21 करोड़ रुपये और दो मार्च को 16 करोड़ रुपये की शराब गोदाम से दुकानों के लिए निकाली गई। इस तरह सिर्फ दो दिनों में 37 करोड़ रुपये की शराब बाजार में पहुंची। पहले यह आंकड़ा करीब आठ करोड़ रुपये तक सीमित रहता था।
आंकड़ों की इस तेज बढ़ोतरी ने संकेत दे दिया है कि इस बार होली पर बिक्री के पुराने रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

जिले में कितनी हैं दुकानें?

आगरा जिले में कुल 338 देसी शराब की दुकानें, 266 कंपोजिट शॉप, आठ प्रीमियम रिटेल शॉप और 24 मॉडल शॉप संचालित हैं। सामान्य दिनों में जितनी शराब गोदाम से निकलती है, उतनी ही बिक्री भी हो जाती है। लेकिन होली के अवसर पर दुकानों पर मांग इतनी ज्यादा रही कि आपूर्ति बढ़ानी पड़ी।

दुकानों पर उमड़ी भीड़

मंगलवार सुबह से ही शहर की अधिकांश शराब दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक लोग लगातार खरीदारी करते रहे। कई स्थानों पर लंबी कतारें लगी रहीं। त्योहार के उत्साह में लोग पहले से ही स्टॉक जमा करने में जुटे रहे ताकि होली के दिन किसी तरह की कमी न रहे।
इस बार खासतौर पर हायर ब्रांड की शराब की मांग अधिक रही। प्रीमियम और महंगे ब्रांड की बिक्री में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।

 ओवर रेटिंग की शिकायतें

भीड़ का फायदा उठाते हुए कुछ दुकानों पर ओवर रेटिंग की शिकायतें भी सामने आईं। हालांकि जब आबकारी विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची तो शिकायतकर्ता मौके पर नहीं मिले। इसके बावजूद विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जांच अभियानऔर प्रशासन की सतर्कता

होली के मद्देनजर आबकारी विभाग की आधा दर्जन टीमों ने विशेष जांच अभियान चलाया। अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए सख्ती बरती जा रही है। मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा भी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी नियमों का उल्लंघन न होने पाए।

दुकानें कब तक बंद रहेंगी?

होली के दिन बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिले की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी। इसके बाद शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक दुकानें फिर से खुलेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय के बाहर बिक्री करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्या टूटेगा पुराना रिकॉर्ड?

जिला आबकारी अधिकारी केपी यादव के अनुसार, जिस रफ्तार से गोदाम से शराब की निकासी हुई है, उसे देखते हुए इस बार बिक्री का नया इतिहास बन सकता है। होली की रंगीन फिजा में शराब बाजार भी पूरी तरह रंग चुका है, और आंकड़े यही इशारा कर रहे हैं कि यह साल कारोबारियों के लिए यादगार साबित हो सकता है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos